मानबेला में जिले की भागीदारी पचास हजार
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए तैयारियां पूरीं
पहली मार्च को होगा ऑडिटोरियम का उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सांसद हरीश द्विवेेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 फरवरी के प्रस्तावित कार्यक्रम में जिले से मानबेला में पचास हजार किसानों व आम लोगों की भागीदारी होगी। इसकी तैैयारी की जा चुकी है। यहां प्रधानमंत्री तमाम परियोजनाओं का शिलान्यास तो करेंगे ही साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में चयनित किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। यहां के पात्र किसानों की सूची बन रही है। 23 तक इस सूची में शामिल किसानों को प्रधानमंत्री सम्मानित करेंगे उसके बाद फीडिंग का कार्य चलता रहेगा जो भी किसान इसमें पात्र होगा योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
सांसद बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब थे। कहा कि जिले में तमाम योजनाएं सांसद निधि से संचालित हो रही हैं। इसमें महत्वपूर्ण मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज व ऑडिटोरियम हैं। ऑडिटोरियम के उद्घाटन की संभावित तिथि पहली मार्च है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज भी करीब-करीब तैयार है। यहां की जिम्मेदारी गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को दी गई है। जल्द से जल्द इसे शुरू कर दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि गौर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जिले में सड़कों की सौगात दी है। इन सड़कों पर जल्द ही काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में ओपेन जिम व पाथ इन का उद्घाटन भी 25 फरवरी को प्रस्तावित है। इस पर प्रशासन से वार्ता की जाएगी।