अफसरों के साथ बैठक करते कमिश्नर।
- फोटो : amar ujala
बस्ती। मंडल में कुपोषित/अति कुपोषित बच्चों की संख्या 205900 है। इसके अनुपात में अभी तक 23428 बच्चों को ही कुपोषण से पोषित श्रेणी में लाया गया है। जो बहुत ही कम है। यह कहना है मंडलायुक्त अनिल कुमार सागर का। वह पोषण समिति की बैठक में समीक्षा कर रहे थे।
आयुक्त सभागार में हुई बैठक में कमिश्नर ने कहा कि नवजात कुपोषित बच्चों के घरों का भ्रमण जरूरी है। स्कूल जाने वाली 11 से 14 वर्ष की आयु की किशोरियों को नीली आयरन व पोषाहार के वितरण का लक्ष्य 8374 है जबकि 7216 किशोरियों को ही पोषाहार वितरण किया गया है। गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन में भी लापरवाही मिली है। जिला कार्यक्रम अधिकारियों, स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को आयरन के टेबलेट एवं पोषाहार मानक के अनुसार वितरण कर रिपोर्ट दी जाए। कुपेाषित बच्चों के परिवारों को चिह्नित कर उसकी सूची बनाई जाए, जिसे मंडलीय पंचायत उपनिदेशक एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रस्तुत की जाए। यह कार्य तीन दिन के अन्दर पूरा करने के निर्देश दिए गए। गलत रिपोर्टिंग एवं मानक के अनुसार कार्य नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. आर द्विवेदी, उप निदेशक पंचायत, सूचना, शिक्षा, मंडलीय खाद्य अधिकारी, तीनों जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं अन्य सहायक मौजूद रहे।