दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंच रहे हजारों भक्त
बस्ती।
ग्रामीणांचल में नवरात्र समापन के साथ ही दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है। लेकिन शहर के दुर्गा पंडालों में पूर्णिमा तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। मंगलवार को भक्तों की बड़ी तादाद देखकर गांधीनगर आने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर भीड़ का नियंत्रण करना पड़ा।
कंपनीबाग, कटरा, गांधीनगर, पक्के, रोडवेज, मंगलबाजार, पुरानी बस्ती इलाकों के दुर्गा पंडालों में मंगलवार को हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे। आकर्षक ढंग से सजाए गए पंडालों में जगराता एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। भक्ति धुनों पर भक्तों के बीच सड़क पर थिरकने और सेल्फी लेने के चलते शाम साढ़े सात बजे से सड़क क्या गलियों में चलना कठिन हो गया है। कंपनीबाग, पक्के आदि पर बेहद खूबसूरती से पंडाल सजाए गए हैं। इलेक्ट्रिक उपकरणों की झिलमिलाती रोशनी पंडाल की शोभा में चार चांद लगा रहे। कहीं मां वैष्णो देवी तो कहीं कोलकाता की काली जी के पंडाल सजे हैं। दर्शन के लिए भीड़ इतनी कि पांच मिनट का रास्ता तय करने में एक घंटे से अधिक लग रहे हैं। पूर्णिमा तक और भीड़ बढ़ेगी। ग्रामीण इलाकों में प्रतिमा विसर्जन के बाद आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिमाओं के दर्शन के लिए शहर की ओर चल दिए हैं।
शहर पर चढ़ा भक्ति का रंग
शहर का दुर्गा उत्सव चरम पर पहुंच गया है। शहर रंग-बिरंगी रोशनी से सजा है। इसे देखने हर्रैया, बभनान, पैकोलिया, टिनिच, भानपुर, सोनहा, वाल्टरगंज, रुधौली, ओड़वारा, मुंडेरवा आदि कस्बों से लोग पहुंच रहे हैं। दक्षिण दरवाजा, मंगलबाजार, राजा मैदान, नरहरिया, रेलवे स्टेशन चौराहा, नई बाजार, करुआबाबा स्थान, रोडवेज तिराहा, मालवीय रोड, गांधीनगर, रौता चौराहा, भूअर निरंजन, पुराना डाकखाना के पास बने दुर्गा पंडाल में शीश झुका कर माता का आशीर्वाद लेने लोग पहुंच रहे हैं।
सड़कों पर लगा मेला
शहर की सभी सड़कों पर खाने पीने से लेकर खिलौने तक के स्टॉल लगाए गए हैं। शाम चार बजे से रात 10 बजे तक शहर की सड़कें मेले में तब्दील हो जा रही हैं। चाट, समोसा, डोसा, आइस्क्रीम की दुकानों पर सर्वाधिक भीड़ हो रही है। महिला सौंदर्य की सामग्री बेचने वालों की भी खूब झोली भर रही है।
अमित के गीतों पर थिरके सभी
पुराना डाकखाना पर सजे मां के दरबार में सोमवार देर रात तक जगराता कार्यक्रम चलता रहा। रात साढ़े नौ बजे मुख्य अतिथि सांसद हरीश द्विवेदी और विधायक रवि सोनकर के कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद मां की आरती से शुरू हुआ भक्तिगीतों का दौर देर रात तक चलता हरा। भजन गायक शिल्पी कौशिक और अमित अंजन के एक से बढ़कर एक प्रस्तुति पर लोग झूमते रहे। शनि इंटर नेशनल ग्रुप की ओर से भव्य झांकी सजाई गई। सोनू पांडेय, विट्टू सिंह, तेज प्रताप सिंह सुडडू, अशोक वर्मा, आलोक पांडेय, प्रमोद पांडेय, माया जायसवाल, अखंड प्रताप सिंह, गोपेश्वर त्रिपाठी, तारक जायसवाल, दीप पांडेय सहित तमाम लोग सहयोग में रहे।
450 प्रतिमाओं का पूर्णिमा पर, प्रशासन अलर्ट
बस्ती।
पांच अक्टूबर पूर्णिमा के अवसर पर करीब 450 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। मंगलवार को आला अफसरों ने जुलूस मार्ग और अमहट घाट पर सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों का ट्रॉयल कराने के साथ ही फुटेज डिस्प्ले पर रोस्टर में ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया है। वीडियो रिकार्डिंग भी होगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरीकेडिंग का भी प्रबंध होगा। गैर जनपदों से फोर्स बुधवार तक जिले में पहुंच जाएगी। कहा कि मेला ड्यूटी व विसर्जन सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी श्री शर्मा ने बताया कि विसर्जन को लेकर सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
चार जोन में जुलूस होगा
जुलूस मार्ग को चार जोन में बांटकर राजपत्रित अधिकारियों को सुरक्षा का जिम्मा सौंप दिया गया है। किसी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल और क्यूआरटी जिला मुख्यालय पर मौजूद रहेगी। सादी वर्दी में भी पुरुष और महिला पुलिस कर्मी अराजक तत्वों पर नजर रखेंगे। खुफिया एंजेसियों को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। शहर से लगायत ग्रामीण इलाकों की दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन के लिए अमहट घाट पहुंचेंगी। जुलूस और विसर्जन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारियों को आला-अफसरों को रिपोर्ट करने का जिम्मा कन्ट्रोल रूम पर होगा। शहर में चल रहे मेले और पूर्णिमा के दिन विसर्जन जुलूस के मद्देनजर बुधवार को एंटी सबोटॉस चेकिंग कराई जाएगी।
फोटो.........
जगराता में भक्तों ने लगाए देवी के जयकारे
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। मालवीय रोड़ के पास जेडी ग्रुप की ओर से मां के जागरण में भजन गायक नंदू मिश्रा ने देवी गीत प्रस्तुत किया। मां के जगराता में रात भर भक्त, देवी गीतों में डुबकी लगाते रहे। पंडाल तालियों एवं मां के जयकारों से गूंज उठा। भोर तक भक्त विभिन्न गीतों से मां के रूप का दर्शन किया।
भजन का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। उसके बाद आओ आओ, माई ज्वाला, राम जानकी बैठे है मेरे सीने में, आपके कृपा से सब काम हो रहा है, माई हो ललनवा दे दा और अंत में तारा रानी की कथा सुनाई। भक्तों को हलुवा और चना के प्रसाद वितरित किया गया। भगवती जागरण में सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक रवि सोनकर, आशीष शुक्ल, आयोजक राकेश दूबे, अजय दूबे, विनय शंकर पांडेय, सुशील यादव, जेपी यादव, मुन्ना शुक्ला, जामित्रा देवी, डॉ. पूनम, आशा, विजय दूबे, प्रिया तिवारी आदि मौजूद रहे।
दुर्गा महोत्सव में आज
मालवीय रोड स्थित दी सीएमएस स्कूल में माता की चौकी सजेगी।
रोडवेज होटल व गांधी नगर में पागल कमेटी की तरफ से भगवती जागरण।