मेले में चाट खाने से हालत बिगड़ी, मौत
हर्रैया।
छावनी थाना क्षेत्र के पड़री गांव के 11 वर्षीय बालक की सोमवार रात इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मुहर्रम का मेला देखने गए बालक ने किसी दुकान पर चाट खा लिया था। घर पहुंचने पर तबीयत बिगड़ गई।
पड़री गांव के राजेश का 11 वर्षीय पुत्र लवकुश गांव के बाहर तालाब पर लगे मुहर्रम मेले में अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। घर वालों के मुताबिक उसने वहां किसी दुकान पर चाट और मिठाई खाई थी। घर लौटने पर पेट में दर्द की शिकायत की। दर्द बढ़ते जाने पर घर के लोग उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने फूड प्वॉयजनिंग की बात कही। लगातार उपचार के बाद भी हालत में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ तो उसे परिवार के लोग आनन-फानन फैजाबाद लेकर भागे। जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही लवकुश ने दम तोड़ दिया। पांच भाई, बहनों में लवकुश दूसरे नंबर का था। मौत की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।