सड़क जाम लगाने में 200 ग्रामीणों पर केस दर्ज, तनाव
महराजगंज/हर्रैया। पिछले दिनों तेलंगाना राज्य में काम करने गए जिले के मजदूर की हत्या के विरोध में सड़क जाम करने पर 195 ग्रामीणों पर हर्रैया पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के लोगों में गुस्सा हैं।
हर्रैया थाना क्षेत्र के लबदहा गांव के बिरजू मजदूरी करने गांव के ठेकेदार ओम प्रकाश गुप्ता के साथ तेलंगाना गए थे, जहां ठेकेदार से मजदूरी भुगतान को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि 31 जुलाई की शाम सात बजे ठेकेदार ओमप्रकाश ने बिरजू की चाकू घोंप कर हत्या कर दी थी। शव जब गांव पहुंचा तो तीन अगस्त को ग्रामीण आरोपी ठेकेदार के घर पर शव रखकर संसारीपुर-पैकोलिया मार्ग जाम लगा दिया था। बाद में एसडीएम जगदम्बा सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर मामले को शांत कराया था।
शनिवार रात हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश यादव की तहरीर पर पुलिस ने 45 लोगाें को नामजद कर 150 अज्ञात ग्रामीणों पर केस दर्ज किया है। इसकी सूचना मिलते ही रविवार को इलाके में तनाव फैल गया। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश यादव ने बताया कि सड़क जाम करने पर केस दर्ज किया गया है। छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसडीएम जगदम्बा सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
-------------------------------------------------
तेलंगाना पुलिस को परिजनों का इंतजार
बिरजू की हत्या के मामले में तेलंगाना पुलिस को बिरजू के परिजनों का इंतजार है। अब तक एफआईआर नहीं कराई गई है। बिरजू की कंपनी के सुपरवाइजर मो. हुसैन ने फोन पर बताया कि आरोपी ठेकेदार ओम प्रकाश गुप्ता को साथियों ने पुलिस के हवाले कर दिया था। तभी से ओम प्रकाश सिरपुर पुलिस की हिरासत में है।
------------------------------------------
इन ग्रामीणों पर दर्ज हुआ केस
पंकज कुमार, जयशंकर प्रसाद, नरसिंह, रत्नेश, राम कृष्ण, अवनीश चन्द्र, सिकंदर, राम जियावन, अमित कुमार, भाष्कर राव, यशवीर, उदय राज, सनी, जितेन्द्र कुमार, प्रकाश, इन्द्रावती, मालती देवी, शकुन्तला देवी, सुनीता देवी, सीमा, चंद्रमती, जयराजी, कान्ती देवी, नेहा, सरिता, कमलेशकुमारी, फूलन देवी, गीता, हरीश, ओम प्रकाश, रमेश, रेशमा, इशरावती, अतुल कुमार, विजय, केवला, सुधा, सोमई, राम प्रकाश, प्रेमशंकर, अब्दुल रहमान, निवासीगण लबदहा थाना हर्रैया, चन्द्रभान, अजय, प्रदीप, राम बहाल, निवासी त्रिलोकपुर थाना हर्रैया तथा 150 नाम पता अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।