बभनान। नगर पंचायत बभनान में गन्ना ढुलाई के दौरान ओवरहाईट ट्राॅलों की मनमानी और सड़क जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए। डीएम कृतिका ज्योत्सना के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह व सहायक कर अधिकारी प्रदीप श्रीवास्तव की टीम ने बभनान-हरैया मार्ग पर गन्ना लदे 20 ओवरहाइट वाहनाें का चालान काटा।
इस दौरान तीन गन्ना लदे ट्रक को सीज करते हुए थाने भेजा गया और 12 ओवर हाइट ट्रालों का चालान कर 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। टीम ने ओवर हाइट ट्राॅलों से कागजात मांगे, लेकिन किसी ने भी वैध कागजात पेश नहीं किए। उधर, छावनी थाना क्षेत्र के चौकड़ी टोल प्लाजा पर शनिवार को गन्ना लदे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर आठ ओवर हाइट वाहनों का चालान किया गया। आरटीओ बस्ती रविशंकर शुक्ल ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच में मानक के विरुद्ध ट्रालों को गन्ना ढुलाई में इस्तेमाल करते पाया गया। कहा कि ओवरहाइट ट्रैक्टर-ट्रालियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, बभनान चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक दिनेश राय ने बताया कि क्रय केंद्र से गन्ना ढुलाई के लिए केवल ट्रकों का अनुबंध होता है। ट्रांसपोर्टर मनमाने तरीके से ट्रालों का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने चेताया कि आगामी गन्ना सीजन में ट्रालों को चीनी मिल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।