बस्ती। जिले में वीबी जी राम जी (विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण) योजना के तहत होने वाले कार्यों पर एक से 20 नवंबर तक रोक रहेगी। धान की कटाई और गेहूं की बोआई के व्यस्त कृषि सीजन को देखते हुए शासन ने यह निर्णय लिया है। इस अवधि में योजना के तहत कोई कार्य नहीं कराया जाएगा।
शासन के निर्देश पर जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त श्रम एवं रोजगार संजय शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अधिसूचित चरम कृषि मौसम की अवधि में संशोधन किया गया है। इसके तहत धान की कटाई और गेहूं की बोआई के दूसरे चरण में एक से 20 नवंबर तक योजना के कार्य निलंबित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पहले इस अवधि के लिए 60 दिनों का प्रावधान था, जिसे संशोधित कर 20 दिन कर दिया गया है। इसका उद्देश्य किसानों और कृषि श्रमिकों को खेती-किसानी के जरूरी कार्यों के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना है।
सभी खंड विकास अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को संशोधित आदेश का पालन करने को कहा गया है। निर्देशों का उल्लंघन होने पर संबंधित कार्यक्रम अधिकारी या कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी।