अरुणाचल से लद्दाख तक पैदल यात्रा पर निकले दो दोस्त
वाल्टरगंज (बस्ती )। मन में यात्रा वृत्तांत लिखने का ख्याल आया तो दो दोस्त अरुणाचल प्रदेश से लद्दाख तक की पैदल यात्रा करने निकल पड़े। उन्होंने अपनी इस यात्रा को ‘वाकिंग इन इंडिया’ का नाम दिया। अरुणाचल प्रदेश से सत्यजीत पवार और विश्वजीत सरकार सोमवार को जिले में पहुंचे तो तमाम लोगों ने उन्हें घेर लिया। दोनों ने बताया कि यात्रा 10 अप्रैल से शुरू की है। उनके जज्बे को देखकर हर किसी ने सलाम किया।
सत्यजीत पवार ने बताया कि वह रायगढ़ महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। विश्वजीत सरकार ने बताया कि वे मालदा बंगाल के रहने वाले हैं और मुंबई में ज्वैलर्स का काम करते हैं। दोनों की मुलाकात मुंबई में हुई और दोस्ती हो गई। दोनों ने बताया कि हम लोग कुछ अलग करने की इच्छा रखते हैं तो सोचा कि देश के एक छोर से दूसरे छोर तक पैदल यात्रा करें और इस यात्रा वृत्तांत पर ‘अरुणाचल टू लद्दाख’ नाम से एक पुस्तक लिखेंगे। बताया कि सोमवार को यात्रा शुरू किए 78 दिन हो गए। उन्होंने बताया कि रास्ते में किसी होटल या ढाबे पर रात्रि विश्राम करते हैं। फिर सुबह छह बजे से आगे की यात्रा पर निकल पड़ते हैं।