फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कूड़े में आग, धुएं की गिरफ्त में शहर का पश्चिमी हिस्सा

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो
विज्ञापन

कूड़े में आग, धुएं की गिरफ्त में शहर का पश्चिमी हिस्सा
तीन दिन से उठ रहे धुएं से अमहट क्षेत्र प्रभावित
घर में घुस रहे धुएं से सांस लेने में भी दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। नगर पालिका की ओर से अमहट क्षेत्र में सड़क के किनारे शहर का कूड़ा गिराया जाता है। कूड़े में आग के बाद उठ रहे धुएं से पिछले तीन दिन से पड़ोस के लोग प्रभावित हैं। घरों में घुस रहे धुएं के चलते लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। सभासद कहते हैं कि जल्द ही पानी गिराया जाएगा।
कुआनो नदी के अमहट क्षेत्र में सड़क किनारे शहर का कूड़ा डंप किया जा रहा है। फोरलेन के नए अमहट पुल से पुराने अमहट पुल के बीच कूड़े का ढेर लगा है। पास में ही एक विद्यालय भी है। करीब तीन दिन पहले अज्ञात कारणों से कूड़े में आग लग गई, जिसके बाद उठे धुएं ने शहर के पश्चिमी क्षेत्र को आगोश में ले लिया। उधर से गुजरने वाले लोग तो किसी तरह निकल जाते लेकिन अमहट क्षेत्र के मकानों के लोग धुएं से परेशान हैं। धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत तो हो ही रही है। ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। इसकी जानकारी सफाई निरीक्षक ने सोमवार देरशाम ईओ डॉ. मणिभूषण त्रिपाठी को दी। इसके बाद हरकत में आए अधिशासी अधिकारी ने मंगलवार सुबह पानी डालने की व्यवस्था की। लेकिन तीन टैंक पानी डालकर इतिश्री कर ली गई। इस क्षेत्र में दो बड़े विद्यालय हैं, जहां हजार से अधिक बच्चे भी पढ़ते हैं। अमहट क्षेत्र के पास आवास बनाकर रह रहे गोपाल शर्मा ने बताया कि घर के बाहर ही नहीं अंदर तक धुआं दो दिन से बना हुआ है। सांस लेने में भी परेशानी आ रही है। झिनकान पांडेय कहते हैं कि सर्वाधिक परेशानी सुबह और शाम में है। टहलने वाले लोग इधर आते हैं लेकिन स्वच्छ हवा के बजाए धुएं से सामना करना पड़ रहा है। जामवंती देवी कहती हैं कि सांस की मरीज हूं। तीन दिन से तो धुएं के कारण जीना मुश्किल हो रहा है। पुराना डाकखाना वार्ड के सभासद सोनू पांडेय का कहना कि मोहल्ले के लोगों से आज ही मुझे जानकारी हुई है। पालिका प्रशासन के माध्यम से पानी के टैंकर भेजे गए हैं।
विज्ञापन


लिखित शिकायत पर असर नहीं: एचपी चौधरी
कुआनो नदी के पास स्कूल संचालित कर रहे एचपी चौधरी ने बताया कि नगर पालिका में लिखित शिकायत भी की गई थी। बताया था कि यहां 500 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। कूडे़ की बदबू से स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है। अब तो कूड़े में लगी आग का धुआं परेशानी में डाल दिया है।

सोमवार रात जानकारी हुई, सुबह टैंकर भेजा : ईओ
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण त्रिपाठी का कहना है कि सोमवार रात सफाई निरीक्षक ने कूड़े में आग लगने की जानकारी दी। सुबह पानी के टैंकर भेजकर बुझाने का प्रयास किया गया। कूड़े पर पानी फेंका गया है।
विज्ञापन


बच्चों और अस्थामा मरीजों को विशेष परेशानी: डॉक्टर
महिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. तैय्यब अंसारी बताते हैं कि कूड़े का धुआं ज्यादा हानिकारक होता है। बच्चों और अस्थमा मरीजों के लिए तकलीफदेह हो जाता है। डॉक्टर के मुताबिक इससे ब्रंकाइटिस नामक बीमारी भी हो सकती है जो मौत का कारण भी बन सकती है। कूडे़ में यदि पॉलिथीन है और जलती है तो उसके धुएं से फेफड़े का कैंसर तक हो सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें