बेमहरी गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने के बाद गांव हुआ संवेदनशील
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती/दुबौलिया। क्षेत्र के बेमहरी गांव में स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद मंगलवार को एसीएमओ डॉ. सीएल कनौजिया के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेमहरी गांव में पहुंचकर दवा वितरण किया।
उल्लेखनीय है कि गांव निवासी 33 वर्षीय गीता पत्नी सतीश को लगातार बुखार होने की शिकायत पर लखनऊ के फातिमा अस्पताल में नौ मार्च को भर्ती कराया गया। स्वाइन फ्लू की आशंका पर खून का नमूना लेकर एसजीपीजीआई लखनऊ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग को भेजा गया, जहां रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू इंफ्लुएंजा पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद गीता को केजीएमयू में भर्ती कराया गया। यहां की रिपोर्ट मिलने पर जिले का स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया। सीएचसी प्रभारी डॉ. राममणि शुक्ल, ब्लॉक के संक्रामक रोग नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण सिंह, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुनील भारती और जय प्रकाश सिंह की टीम ने गांव के लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षण और उससेबचाव की जानकारी दी। यहां उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के टिप्स दिए। सीएचसी प्रभारी डॉ. राममणि शुक्ल ने बताया कि गीता अभी कुछ दिनों पहले दिल्ली से आई हैं। वहीं वह बुखार से पीड़ित थीं। इसी के नाते वह घर्र आइं। वैसे गांव में फॉगिंग करा दी गई है।