सूबे के एक लाख श्रमिकों को दो माह में पेंशन
भाजपा सरकार में संपन्न राष्ट्रों में छठे स्थान पर
किसान पेंशन के लिए भी केंद्र सरकार कर रही मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सूबे के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने कहा कि श्रम विभाग प्रदेश के एक लाख पंजीकृत श्रमिकों को पेंशन देने की योजना को अमली जामा पहना रही है। इसके लिए एलआईसी में जमा श्रम विभाग के धन का उपयोग किया जाएगा। यह जमा धन श्रमिकों के हितार्थ खर्च किए जाएंगे। उच्चस्तर पर एलआईसी से बातचीत पूरी कर ली गई है। राज्य मंत्री सोमवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में पत्रकारों से मुखातिब थे। वह श्रम विभाग की मंडलीय समीक्षा के लिए यहां आए थे।
कहा कि मंडल के तीनों जनपदों में 1.50 लाख से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है। विभाग के पास 4200 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। इस धन को सरकार श्रमिकों के उत्थान पर खर्च करेगी। पूर्ववर्ती सरकारों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि गैर भाजपा सरकारों ने श्रमिक हितों के लिए एकत्रित किए गए धन का दुरुपयोग किसी न किसी बहाने किया था। इस पर योगी सरकार ने अंकुश लगा दिया है। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की बढ़ रही ताकत को बताना राज्य मंत्री नहीं भूले। कहा कि पड़ोसी देश चीन को दोकलाम में भारत ने अपनी ताकत दिखा दी है। राज्य मंत्री ने कहा कि उपकर के रूप में अपने मंडल में तीन करोड़ 99 लाख 50 हजार 542 रुपये एकत्रित किए गए हैं। वर्ष 18-19 में 2.31 करोड़ रुपये से 5866 पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं में लाभ दिया गया है। कहा कि श्रम विभाग में कर्मियों व अधिकारियों की तकरीबन 30 फीसदी कमी है। रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। सरकार सभी मोर्चों पर कार्य कर रही है।
पेंशनरों को हवाई यात्रा में 40 प्रतिशत की छूट
विकास भवन सभागार में पेंशनर दिवस की अध्यक्षता डीएम ने की
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। विकास भवन सभागार में पेंशनर्स दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ राजशेखर ने की। मुख्य कोषाधिकारी गोपाल खरे के समक्ष सेवा निवृत्त कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। खरे ने पेंशनरों को शासन की ओर आयकर में छूट के साथ ही हवाई यात्रा में 40 प्रतिशत की छूट मिलने की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने पेंशनरों की तीन सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई किए जाने की बात कही। कहा कि नवनिर्मित भवन विभाग को हस्तान्तरित होने पर उसमें पेंशनर कक्ष आवंटित कर दिया जाएगा। पेंशनर एसोसिएशन अध्यक्ष जलालुद्दीन कुरैशी ने कहा कि चिकित्सालय में पेंशनर व वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाल पर्ची शेष के लिए सफेद पर्ची जारी की जाए। कहा कि शासनदेश के अनुसार बैंकों में अलग लाइन व काउंटर खोले जाएं। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, नीरज कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान रणविजय सिंह, विशुनचंद्र श्रीवास्तव, प्रेमशंकर लाल, रामानुज शुक्ल, ईश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, छोटेलाल, राममूर्ति, जगन्नाथ मौर्य, परमात्मा, राधेश्याम, हरेंद्रलाल श्रीवास्तव, धु्रपचंद्र मिश्र, हरीराम श्रीवास्तव, वीपी श्रीवास्तव, जोखनराम, मस्तराम वर्मा, राम अधार पाल, अखिलेश पाठक, आलोक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
पेंशनरों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
बस्ती। विकास भवन हाल में पेेंशनर्स दिवस पर रोटरी क्लब मिड टाउन की ओर से निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जहां 250 सेवानिवृत्त कर्मचारियों का चिकित्सकीय परीक्षण कर दवाएं उपलब्ध कराईं र्गइं। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. राजशेखर ने कहा कि ऐसे शिविरों का आयोजन पुनीत कार्य है। इस दौरान डॉ. अश्विनी सिंह, डॉ. डीके गुप्ता, डॉ. वीके वर्मा, डॉ. रामजी सोनी, डॉ. फखरे आलम, सीआरओ आरडी पांडेय, रोटेरियन अखिलेश दूबे, क्लब अध्यक्ष राम विनय पांडेय, सचिव डॉ. अजीत प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह, मयंक श्रीवास्तव, अपूर्व शुक्ल, ऋषभराज, राजन गुप्ता, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
फोटो
बीमार लेखपाल ने पेंशन के लिए लगाई गुहार
सेवानिवृत्त होने के बाद विभागीय अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं सेवानिवृत्त लेखपाल बलराम पाण्डेय
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। तहसील से सेवानिवृत्त हुए लेखपाल बलराम पाण्डेय गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। तीन वर्ष से उनकी पेंशन वृद्धि का मामला अनसुना किया जा रहा है। सोमवार को विभागीय जिम्मेदारों सहित जिलाधिकारी को पत्र लिखकर गुहार लगाई है।
पत्र में कहा है कि भानपुर तहसील में लेखपाल पद पर तैनात थे। वर्ष 2010 में सेवानिवृत्त होने के बाद 2015 में ही हड्डी की एक गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गए। इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज से चल रहा है। शासनादेश के तहत मूल पेंशन में संशोधन होना है। वर्ष 2016 से तीन वर्ष का बकाया भी मिलना है। कई बार एसडीएम भानपुर सहित सभी अधिकारियों से शिकायत और प्रार्थना कर चुके हैं। अभी तीन दिसंबर को एक बार फिर एसडीएम भानपुर, अपर निदेशक कोषागार पेंशन बस्ती मंडल, जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर उन्होंने गुहार लगाई है। लिखा है कि गंभीर बीमारी होने के नाते अर्थिक तंगी से परिवार गुजर रहा है। डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर त्वरित न्याय की गुहार लगाई है। इस बाबत एसडीएम राजेश सिंह ने बताया कि लेखपाल बलराम पाण्डेय की फाइल भेजी गई थी लेकिन किन्हीं कारणों से वह फीड नहीं हो सकी। दोबारा फाइल भेजी जा रही है। शीघ्र ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।