भानपुर। पटखौली पश्चिम में तेज बुखार से पीड़ित मरीजों के हालात सामान्य न होने की खबर पर सीएचसी अधीक्षक ने दोबारा गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी। 19 मरीजों को इस दौरान दवाएं बांटी गईं। आवश्यक टिप्स भी दिए गए।
पटखौली पश्चिम गांव में अधिकतर लोग तेज बुखार से पीड़ित हैं। डेंगू की आशंका में चार लोगों का इलाज लखनऊ में भी चला। बृहस्पतिवार को गांव में चार नए मरीज मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद चिकित्सा अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने गांव में फार्मासिस्ट विवेक यादव के नेतृत्व में टीम भेजी।
जहां 19 लोगों की जांच के बाद दवाइयां दी गईं। मरीजों को पैरासिटामाल, सिप्रोफ्लाक्सिन, सिट्रीजन, मेट्रोजिल, डाइक्लो के साथ ओआरएस के पैकेट भी दिए गए। गांव में हाईफीवर और डेंगू से 80 लोग प्रभावित होने की सूचना एएनएम पुष्पा देवी की ओर से 6 अक्टूबर को ही सीएचसी पर दे दी गई थी।
लेकिन जिम्मेदारों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य महकमे के लोग पटखौली पहुंचे और दवाइयां बांटी। एक दिन जाने के बाद किसी जिम्मेदार ने गांव के मरीजों के हालात जानने की कोशिश नहीं की थी। दवाओं के साथ पहुंची टीम ने चंद्रावती, कुट्टा, शकुंतला, रूबी, शांती, लक्ष्मी, अमीना, रोशनी, विनोद, कमलेश, सत्यम अंजनी, नीलम, वंदना, नवल किशोर, भीमशंकर, रोशनी, साजिया को दवाएं दी गईं।