पॉलिथीन के दुष्प्रभाव का पढ़ाया गया पाठ
62 बच्चों को ड्रेस वितरित
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। प्राथमिक विद्यालय रुधौली परिसर में मंगलवार को बच्चों को पॉलिथीन के दुष्प्रभाव का पाठ पढ़ाया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष धीरसेन निषाद ने बच्चों को ड्रेस वितरित किया।
कहा कि पॉलिथीन पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही थी। इसके मद्देनजर सरकार ने इसके उत्पादन, वितरण एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। बच्चे अपने घर के अलावा आसपास के लोगों को पालीथिन प्रयोग न करने के लिए प्रेरित करें, जिससे पर्यावरण की सुरक्षा संभव हो सके। कार्यक्रम में विद्यालय में पंजीकृत कुल 124 बच्चों के सापेक्ष उपस्थित 62 बच्चों की स्कूल ड्रेस वितरण किया गया। ड्रेस वितरण के बाद चेयरमैन ने विद्यालय परिसर की सफाई, बच्चों को परोसे जाने वाले एमडीएम, बिजली, पानी इत्यादि के बारे में जानकारी ली। नगर पंचायत अध्यक्ष को प्रधानाध्यापिका ने व्यवस्थागत ढांचे को बताया। सफाई न होने की जानकारी के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्कूल में सफाई के लिए व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कौशल्या, सहायक अध्यापक श्रीराम, अनीता यादव, पूर्णिमा, सभासद इसहाक अली, सचिन कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।