रोजगार मेले में अभ्यर्थी को ऑफर लेटर देती डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना स्रोत विभाग
बस्ती। फुटहिया में बुधवार को रोजगार महोत्सव में विभिन्न कंपनियों ने 1,734 अभ्यर्थियों को चयन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में 50 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, करीब पांच हजार रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया की गई। 8,614 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 5,812 शामिल हुए।
रोजगार महोत्सव का शुभारंभ आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने किया। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ओम नारायण सिंह ने आयुक्त का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा, नीता सिंह और अंशु सिंह गौतम मौजूद रहे। आयुक्त ने अभ्यर्थियों के पंजीकरण की शुरुआत कराने के साथ ही रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं और कंपनी प्रतिनिधियों से संवाद कर चयन प्रक्रिया की जानकारी ली।
मेले में इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलीटेक्निक, बीटेक, फार्मेसी, नर्सिंग, पैरामेडिकल और कंप्यूटर क्षेत्र की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों ने बायोडाटा की समीक्षा, साक्षात्कार और कौशल के आकलन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। अभ्यर्थियों को रोजगार संबंधी काउंसिलिंग भी दी गई। प्रवेश और पंजीकरण की व्यवस्था निशुल्क रही।
डीआईजी संजीव त्यागी और डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने युवाओं को कौशल विकास, अनुशासन और निरंतर प्रयास के जरिये कॅरिअर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।