उच्चीकृत होगा महिला अस्पताल का प्रसव कक्ष
अस्पताल प्रशासन ने शासन को भेजा प्रस्ताव
फाल सीलिंग के अलावा दीवारों पर लगेंगी टाइल्स
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। जिला महिला अस्पताल में सामान्य प्रसव कक्ष को अब उच्चीकृत बनाने की योजना शुरू हो गई है। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने दो प्रसव कक्ष को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इस कक्ष के साज सज्जा के लिए तकरीबन तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगेे।
जिले के उच्च गुणवत्तायुक्त केंद्र जिला महिला अस्पताल की सूरत संवारने की कवायद की जा रही है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यहां तमाम सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। इन सुविधाओं नवजात के समय पूर्व पैदा होने पर सुरक्षा के लिए एसएनसीयू के अलावा मदर केयर यूनिट स्थापित है। अस्पताल में मरीजों को दिन के अनुसार रंगीन चादरों से सजे बेड की सौगात मिली है। अब बारी है प्रसव कक्ष के रूप को बदलने की। यहां पुराना भवन होने के कारण उसकी साज सज्जा नहीं हो पाई है। ऐसे में अत्याधुनिक मशीनों का भरपूर उपयोग नहीं हो पा रहा है। प्रसव कक्ष में सभी मशीनों को सुसज्जित करने की योजना को परवान चढ़ाने के लिए सीएमएस डॉ. एके सिंह ने सेप्टिक वार्ड व क्लीन वार्ड के दो प्रसव केंद्रों को उच्चीकृत करने के प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। इस प्रस्ताव में दीवारों पर टाइल्स के अलावा फाल्स सीलिंग कराई जाएगी। तीन लाख के प्रस्ताव में प्रसव कक्ष की गुुणवत्ता के लिए छिटपुट अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। सीएमएस डॉ. एके सिंह ने उक्त की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला चिकित्सालय जिले का उच्च गुणवत्तायुक्त अस्पताल है। यहां का प्रसव कक्ष पुराने भवन में संचालित हो रहा है। इस प्रसव कक्ष के उच्चीकरण के लिए उसी साज सज्जा जरूरी है। प्रस्ताव पर शासन ने मौखिक सहमति दे दी है। चुनाव बाद यह कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के दिए गए टिप्स
बस्ती। राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर बृहस्पतिवार को सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज शिवा कॉलोनी में कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में डेंगू व चिकनगुनिया से बचाव के टिप्स बच्चों को दिए गए। बच्चों को मच्छरों से बचाव व सफाई पर ध्यान दिए जाने के टिप्स दिए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एफ हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने अपनी बात रखी। जिला मलेरिया अधिकारी आइए अंसारी ने बीमारी पर विस्तृत जानकारी दी। जिला स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी एलके पांडेय ने बच्चों को सफाई से रहने व आसपास सफाई रखने के टिप्स दिए। इस दौरान उन्होंने डेंगूू व चिकनगुनिया को दूर भगाने की शपथ दिलाई। जिला नोडल अधिकारी बीएन मिश्र ने कार्यक्रम में शामिल आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जिला समन्वयक जेई- एईएस रविंद्र चौधरी, टेक्निकल सहायक जगजीत सिंह तथा वैक्सीन एवं कोल्ड चेन प्रबंधक हरेंद्र मिश्रा के अलावा विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश राम त्रिपाठी, आचार्य मत्स्येंद्र मिश्रा व सत्येंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।