कल आएंगे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, तैयारी शुरू
छह अक्तूबर को करेंगे नवनिर्मित भवन का लोकार्पण
तैयारी की समीक्षा को आज पहुंचेंगे प्रशासनिक न्यायमूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। जिला मुख्यालय पर नव निर्मित 16 कक्षीय कोर्ट रूम का लोकार्पण करने छह अक्तूबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस डीबी भोसले आ रहे हैं। इनके आगमन और कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। तैयारियों की समीक्षा को शुक्रवार को प्रशासनिक न्यायमूर्ति हर्ष कुमार पहुंचेंगे। वह 12:30 बजे दीवानी न्यायालय का निरीक्षण करेंगे।
जिला मुख्यालय पर स्थित अत्याधुनिक कोर्ट रूम का निर्माण पूरा हो चुका है। इस भवन में जहां कोर्ट संचालित होगा, वहीं, यह भवन पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में रहेगा। इस भवन में संचालित होने वाले सीसीटीवी का कंट्रोल करने के लिए अलग से भवन बना है उसका भी लोकार्पण होगा। चीफ जस्टिस कंपनी बाग के निकट स्थित न्यायिक अधिकारियों के नवनिर्मित निवास का भी लोकार्पण करेंगे। बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चीफ जस्टिस का आगमन सुबह आठ बजे होगा। इसके बाद पौने नौ बजे वे कार्यक्रम में भाग लेंगे।