नौ को सौगात देने आएंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
रिंगरोड और रामजानकी मार्ग का होगा शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी आएंगे : सांसद
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। नौ अक्तूबर को जिले को बड़ी सौगात देने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग, जहाजरानी व जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी व प्रदेश की उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आएंगे। रामजानकी मार्ग और रिंगरोड फर्स्ट फेज की आधारशिला रखेंगे। साथ ही अन्य सौगात भी दे सकते हैं। यह कहना है सांसद हरीश द्विवेदी का।
बृहस्पतिवार को डाकबंगले में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री गडकरी जनवरी 2015 में आए थे, तभी वादा किया था। जिसे पूरा करने नौ अक्तूबर को केडीसी में कार्यक्रम करेंगे। जिले में रिंग रोड का निर्माण 37 किलोमीटर में दो फेज में होगा। पहला फेज 16 किलोमीटर का है। जो हड़िया चौराहे से शुगर मिल, रामपुर (निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज), सोनूपार, बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम होकर बेवाड़ी से कलवारी को जाएगा, जिस पर करीब 250 करोड़ खर्च होगा। दूसरे फेज में गोटवा, गनेशपुर, गौरा होते हुए रिंगरोड का निर्माण होगा। सांसद ने बताया कि रामजानकी मार्ग कुल 450 किलोमीटर में है। जिले में 55 किलोमीटर पड़ता है जिसमें कुछ हिस्सा संतकबीरनगर का भी है। अनुमानित लागत 850 करोड़ रुपये है। जिले में बन रहे जलमार्ग का भी शिलान्यास कर सकते हैं।
सांसद हरीश द्विवेदी के मुताबिक प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य यहां पर एमआरडी (मेंहदावल-रुधौली-डुमरियागंज) मार्ग के कार्यों का जायजा लेंगे। साथ ही कई महत्वपूर्ण सड़कों की स्वीकृति भी प्रदान करेंगे, जिनका निर्माण प्रदेश सरकार की ओर से होना है। सांसद ने बताया कि दोपहर एक बजे के बाद केंद्रीय मंत्री सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हो जाएंगे।