सरकारी नल को ठीक कराते सचिव व ग्राम प्रधान।
- फोटो : अमर उजाला
भानपुर। रामनगर ब्लॉक के बडोखर गांव में बारिश नहीं होने से आधे गांव के घरों में लगा हैंडपंप सूखने लगा है। पेयजल को लेकर ग्रामीणों की दुश्वारियां प्रकाशित होने पर बीडीओ हरिश्चन्द्र बृहस्पतिवार सुबह गांव में पहुंचे।
गांव में खराब इंडिया मार्क-2 के हैंडपंपों की जानकारी ली। सामान्य खराबी को तत्काल दुरुस्त कराने व रिबोर योग्य हैंडपंप को तीन दिन के भीतर ठीक कराने का निर्देश ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को दिया है। बीडीओ के निर्देश पर गांव पहुंचे ग्राम विकास अधिकारी जीतेंद्र अरोरा ने लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं और खराब सरकारी हैंडपंपों की जांच कर उसका मरम्मत शुरू कराया। गांव की आधी आबादी के लोग करीब एक माह से नलों के सूखने से परेशान हैं। स्कूल में लगे सरकारी नल से पानी लाकर किसी तरह अपना काम चला रहें हैं। मोहल्ले में लगे चार इंडिया मार्क-2 हैडपंप काफी समय से खराब है।
बीडीओ ने ग्रामीणों से घरों में लगे छोटे हैंडपंप के पानी को नहीं पीने की अपील की है। कहा कि खराब पडे़ सरकारी नलों को फौरी तौर पर ठीक कराया जा रहा है। लोग उसी के पानी का प्रयोग करें। इसके लिए बीडीओ ने ब्लॉक के सभी सचिवों को इण्डिया मार्क-2 वाले नलों की सामान्य खराबी को 24 घटें और रीबोर योग्य नलों को तीन दिन में ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।