अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देते छात्र।
- फोटो : amarujala
बस्ती। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2018 में 792 विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा के लिए कुल 1072 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। सिद्धार्थनगर के लोटन क्षेत्र के नेत्र दिव्यांग विकास सिंह ने भी छात्रवृत्ति परीक्षा दी है।
जिले के पं. राजन महिला डिग्री कॉलेज में सुबह 11 बजे से शुरू हुई परीक्षा में मंडल के तीनों जिलों बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के विद्यार्थी शामिल हुए। गौरतलब है कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर वर्ष अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की जाती है। इसके तहत 14.4 लाख की 36 छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। छात्रवृत्ति की दो श्रेणी निर्धारित है। कक्षा नौ और 10 के लिए 18 छात्रवृत्तियां हैं, जिसके तहत हर चयनित विद्यार्थी को 30-30 हजार रुपये दिए जाते हैं। 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये की 18 छात्रवृत्तियां दी जाती हैं। बस्ती में हुई परीक्षा में कक्षा नौ और 10 के पंजीकृत 443 विद्यार्थियों में से 343 ने परीक्षा दी, जबकि 11वीं और 12वीं के पंजीकृत 629 छात्र-छात्राओं में से 449 परीक्षा में शामिल हुए। कॉलेज प्राचार्य संजीव पांडेय अपनी टीम की मोनिका, रुख्सार फातिमा, अजय श्रीवास्तव, आकांक्षा वर्मा के साथ परीक्षा संपन्न कराने में जुटे रहे। निधि, ऋचा मिश्रा, प्रियंका गुप्ता, स्नेहलता मिश्रा, मंजू लता, फिरदौस, दीपिका शुक्ल, राम स्वरूप यादव, मनीष मिश्र और कोमल सोनी आदि ने भी अहम भूमिका निभाई।