केंद्रीय टीम ने जाना कल्याणकारी योजनाओं का सच
बनकटी। केंद्रीय टीम ने ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार को भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का हाल जाना। प्रधानमंत्री आवास, वृद्धा, विकलांग व पेंशन, शौचालय, मनरेगा, समूह गठन, कौशल विकास योजना तथा सिंचाई योजनाओं के सत्यापन में टीम के सामने कई बात आई।
कुरियार गांव में 10.15 बजे हेमराज शर्मा, अखिलेश सिंह की टीम पहुंची। इसके बाद ब्लॉक क्षेत्र के कुरियार, खड़ौहा व खरका प्राथमिक विद्यालय पर चौपाल लगाया। सत्यापन के दौरान टीम को खड़ौहा निवासी विधवा पेंशन की पात्र दुर्गावती, कुरियार के वृद्धा पेंशन की पात्र ममता ने वर्ष भर से अधिक समय से पेंशन न दिए जाने की बात रखी। इसके निदान के लिए आधार कार्ड लिंक कराने की बात बताई। कुरियार में आवास निरीक्षण के दौरान प्रधान चंद्रिका चौधरी ने लाभार्थी मुन्नी लाल के घर पहुंचने पर बताया कि लाभार्थी को पिछले प्रधान ने आवास दिया था, मगर वह अब तक नहीं पूरा हो सका। गांव के अंजुम आरा जो आवास की पात्र हैं ने बताया कि उन्हें पहली किश्त चालीस हजार रुपये दी गई थी। दूसरी व तीसरी किश्त अभी तक नहीं मिल सकी है। इसके कारण छत नहीं लग सका है और न ही शौचालय का निर्माण कराया जा सका है। कुरियार गांव में महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराया कि गांव में शौचालय निर्माण हुआ ही नहीं है। ऐसे में ग्रामीण खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। जांच टीम के साथ डीसी मनरेगा अनिल सिंह, बीओ अरुण कुमार पांडेय, रणविजय सिंह, कृपाशंकर दूबे, रामप्रकाश पांडेय, उत्तम उपाध्याय, ऋचा शुक्ला, चंद्र भूषण सिंह आदि मौजूद रहे।