तार टूटने से रेलवे गेट रातभर रहा लॉक, आवागमन बाधित
गौर रेलवे स्टेशन के केसरई गांव के गेट में खराबी
शनिवार सुबह बस्ती से टीम पहुंची तो दूर हुई समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। रेलवे स्टेशन से तीन किलोमीटर पूरब केसरई गांव के गेट संख्या 212 सी का शुक्रवार रात तार टूट गया, जिससे गेट लॉक हो गया। बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। शनिवार सुबह बस्ती से टेक्निकल टीम पहुंचने के बाद खराबी दूर की जा सकी।
गौर और टिनिच रेलवे स्टेशन के बीच स्थित गेट संख्या 212 सी उस समय बाधित हो गया, जब गेट को बंद किया जा रहा था। तार टूटने से गेट लॉक हो गया। रात भर गेट बंद होने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आने-जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह गेटमैन की सूचना पर टेक्निकल टीम बस्ती से पहुंची। जिसके बाद खराबी को दूर किया जा सका। वहीं, गेट पर सड़क भी ठीक न होने से से छोटे-बड़े वाहन रेलवे ट्रैक पर फंस जाते हैं। इस मार्ग से लोगों का गौर बाजार, भानपुर, शिवा, बस्ती, टिनिच, जलेबीगंज, मुसहा, बेलघाट बाजार आना-जाना रहता है। बावजूद उसके रेल विभाग अभी तक पिच सड़क का कार्य नहीं कराया है। इस संबंध में विभाग के आईडब्ल्यू धीरेंद्र सिंह ने बताया कि डाउन रेलवे लाइन की मरम्मत कार्य अभी बाकी है। इसके चलते गेट पर पैच का निर्माण कार्य रुका हुआ है। जैसे ही रेलवे का मरम्मत कार्य पूरा होगा। गेट पर सड़क निर्माण कार्य बनाकर चालू कर दिया जाएगा।