किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील में प्रदर्शन
भानपुर। किसानों की समस्याओं के समाधान नहीं होने पर भाकियू राष्ट्रवादी गुट ने सोमवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसडीएम को संबोधित पांच सूत्री मांग पत्र तहसीलदार नवीन प्रसाद को दिया।
सोमवार को तहसील में जुटे किसानों का नेतृत्व आशिक अली ने किया जबकि संचालन धीरेंद्र बहादुर सिंह ने। इस दौरान बैठक में सर्वेश सिंह ने कहा कि सल्टौआ ब्लॉक में कमीशनखोरी रोकी जाए। आवास, पेंशन और शौचालय अपात्रों को न देकर पात्रों को दिलाया जाए। ग्राम पंचायत बैदोलिया में खलिहान व चकमार्ग की जमीन को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। जंगली जानवर व छुट्टा पशुओं से बर्बाद हो रही फसलों की क्षतिपूर्ति दिलाई जाए। धरना-प्रदर्शन के इस मौके पर राम किशुन, मेहीलाल, मदन गोपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, रामतेज, राम नौकर, उमेश चंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य किसान मौजूद रहे।