मतदाता पुनरीक्षण अभियान से अनुपस्थित
अमर उजाला ब्यूरो
रुधौली। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासनिक मशीनरी भी कमर कस चुकी है। लापरवाही बरतने वाले सभी कर्मचारियों को कड़ा संदेश दिया गया। रविवार को विशेष अभियान के दिन निरीक्षण के दौरान आठ बीएलओ बूथ से गायब थे। कार्रवाई के लिए एसडीएम ने तहसीलदार को निर्देशित किया है।
सितंबर व अक्टूबर में चलाए जा रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान के क्रम में रविवार को सभी बीएलओ को अपने बूथों पर रहना था। मतदाताओं से फार्म इत्यादि जमा कराए जाने थे। इसी क्रम में बीएलओ की उपस्थिति एवं कार्यों का निरीक्षण करने के लिए तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा एवं सुपरवाइजर ने बूथों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय रसना पर जयंती देवी, सोनौरा पर मीनाक्षी देवी, बिजलपुर पर सुनीता चौधरी, मझौवामीर पर कुसुम देवी व किरन, रुधौली कला पर सुशीला देवी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पड़री पर हरिप्रसाद वर्मा और पकरी अधीन पर कुसुम अनुपस्थित पाई गईं। कर्मचारियों की लापरवाही पर एसडीएम रुधौली अमनदीप डुली ने आठों बीएलओ पर कार्रवाई के लिए रुधौली एवं साऊघाट ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी को पत्र लिखकर को निर्देशित किया है।