मुकद्दस रमजान के 29 रोजे के बाद सोमवार को ईद खुशियां लेकर आई। खुशरंग फिजाओं और महकती हवाओं में हर तरफ ईद की खुशियां तारी रहीं। सेवई के रूप में प्रेम और भाईचारे की मिठास लबों से होते हुए दिलों तक पहुंची तो हर तरफ जुबां ईद मुबारक बोल उठा। पूरी अकीदत और पाकीजगी के साथ जिले में ईद की खुशियां मनाई गई। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में मुस्लिम समाज पर संदेह और हमलों के विरोध में अकीदतमंदों ने बांह पर काली पट्टी भी बांधी। ईद की विशेष नमाज के जरिए मुल्क में अमन-चैन की दुआएं मांगी। तरक्की और खुशहाली की कामना की।
रविवार को चांद मुबारक नजर आने के बाद से ही हर तरफ ईद की खुशियां छाने लगी थी। देर रात तक खरीदारी के बाद सोमवार को अलसुबह ही मुस्लिम परिवारों में लोग नहा-धोकर तैयार होने लगे। नए परिधान धारण किए और सज-संवर कर फिजां में इत्र की खुशबू बिखरेते हुए ईदगाहों की ओर रवाना हो गए। शहर के अलावा कस्बों व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने ईदगाहों में लगे मेले का लुत्फ उठाया।
इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अमला चौकस रहा। खुफिया विभाग के अधिकारी व जवान सादे लिबास में मस्जिदों व ईदगाहों के आसपास मुस्तैद रहे, जिनके माध्यम से पुलिस को फीडबैक मिलता रहा। कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह व डीआईजी लक्ष्मी नारायण के अलावा डीएम अरविंद कुमार सिंह, एसपी संकल्प शर्मा, एएसपी नरेंद्र कुमार सिंह के अलावा अन्य अधिकारियों ने शांतिपूर्वक ईद संपन्न होने पर सबका आभार व्यक्त किया।
कैमरों की नजर में नमाज
ईद सकुशल संपन्न कराने के लिए सीसी कैमरों की मदद ली गई। भीड़भाड़ वाली बाजारों के अलावा मस्जिदों, ईदगाहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के चलते लोगों में स्वत:स्फूर्ति संजीदगी देखी गई। जिससे व्यवस्था कायम करने में सुविधा हुई। सादे कपड़ों में महिला पुलिस भ्रमणशील रहीं, इसलिए महिलाओं को कोई दिक्कत नहीं हुई। क्यूआरटी टीम एवं चीता मोबाइल दस्तों को अगले आदेश तक अलर्ट रहने को कहा गया है।
इन स्थानों पर अदा की गई नमाज
अंजुमन अजमेरी मसजिद, डफाली टोला मसजिद, कादरी मिस्जिद मुरलीजोत,मसजिद करबला अस्पताल,पठान टोला मसजिद, जामा मस्जिद पुरानी बस्ती, दक्खिन दरवाजा मस्जिद व रजा मसजिद शहीद नगर, मीनारा मसजिद चिकवा टोला, मदीना मसजिद स्टेशन, ईदगाह नरहरिया के अलावा तमाम मस्जिदों में नमाज अदा की गई।