संवाद न्यूज एजेंसी
महादेवा। मुंडेरवा-लालगंज मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग पर गन्ना लदा ट्राॅला फंस जाने से शनिवार की दोपहर करीब 12:30 से दो बजे के बीच लंबा जाम लग गया। इससे द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की रपरीक्षा देने जा रहे तमाम परीक्षार्थी जाम में फंसकर परेशान हो गए।
कई परीक्षार्थियों को लगा कि परीक्षा छूट जाएगी तो वे बाइक व कार छोड़कर रेलवे क्रॉसिंग के पार अपने विद्यालय की तरफ पैदल भागने लगे। बताया जा रहा है कि कुछ देर के लिए क्राॅसिंग बंद होने के बाद यह जाम लगा।
काफी वर्षों से क्षेत्र के लोग इस रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं, मगर प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। मुंडेरवा बाजार के व्यवसायी राजेश गुप्ता बताते हैं कि सीएचसी मुंडेरवा रेलवे क्रॉसिंग के पार होने के कारण अक्सर मरीज अस्पताल से दो सौ मीटर की दूरी पर आकर घंटों फंस जाते हैं। मुंडेरवा निवासी इल्ताफ और गुड्डू गोस्वामी ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग लगभग पूरे दिन जाम से जूझता है। बहुत मजबूरी में ही लोग इस मार्ग से जाना पसंद करते हैं। जब चीनी मिल चलती है तो इस मार्ग से होकर आप गंतव्य तक कब पहुंचेंगे यह निश्चित नहीं है।
हालांकि, रेलवे पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से संचालन के लिए दो आरक्षी लगाए हैं। एएसपी ओपी सिंह ने बताया जा जाम खाली करा दिया गया है।