बभनान। कस्बे के लोहिया नगर में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल खंडहर हो गया है।10 साल पूरे होने के बाद भी यह अंत्येष्टि स्थल अपने वजूद में नहीं आ सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण शुरू होने पर यह उम्मीद जगी थी कि अब शवों का निस्तारण यहीं किया जाएगा लेकिन अभी तक निर्माण पूरा न होने से सरकारी मंशा पर पानी फिर रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत बभनान के वार्ड नंबर तीन लोहिया नगर में वित्तीय वर्ष 2015-16 में दो करोड़ के बजट से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शुरू हुआ। इसे आधुनिक बनाने की योजना थी। इसका जिम्मा तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष के करीबी को दिया गया था।
अंत्येष्टि स्थल पर घाटों का निर्माण कराया गया और पिलर खड़े किए गए। इसी बीच स्थानीय लोगों के विरोध पर तालाब की जमीन में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण रोक दिया गया। इस दौरान नगर पंचायत ने कार्यदायी संस्था को डेढ़ करोड़ रुपये आहरित कर दिया। विगत 10 वर्ष से निर्माण अधूरा पड़ा है। अब आलम यह है कि अंत्योष्टि स्थल खंडहर में बदल चुका है। इस बावत अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह ने बताया कि अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की योजना पुरानी है। अंत्येष्टि स्थल जमीन विवाद में फंसा है। इसलिए निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा है।