सरकार की नीतियों से व्यापार चौपट: अनूप
- प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल की रथ यात्रा पहुंची
- व्यापारी हितों की रक्षा करना संगठन का उद्देश्य
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल की ओर से चल रही रथ यात्रा मंगलवार को शहर में प्रवेश की। व्यापारियों ने शास्त्री चौक पर स्वागत किया। यात्रा कर रहे प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकारों की नीतियों के चलते उद्योग व्यापार चौपट हो गया है।
व्यापारी हितों को लेकर पूरे प्रदेश में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में रथ यात्रा शुरू की गई है। शास्त्री चौक पर सभा में प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने व्यापारियों को संबोधित किया। कहा कि प्रदेश का व्यापारी कराह रहा है। जीएसटी जैसे कानूनों से सरकार ने व्यापारियों की पीठ में छुरा घोंपा है। रथ यात्रा के स्वागत पर प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पाण्डेय शिबलू ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना ही संगठन का मुख्य ध्येय है। व्यापारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। रथ यात्रा का पाण्डेय बाजार चौक पर समापन हुआ। प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ल ने कहा कि लखनऊ से शुरू हुई रथ यात्रा को व्यापारियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। सरकार की व्यापार विरोधी नीतियों को आने वाले लोकसभा चुनाव में व्यापारी मुंहतोड़ जवाब देगा। हमारी मांगों को सरकार ने अब तक पूरा नहीं किया है। महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष हेमलता पाण्डेय ने महिलाओं के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान रेनू शाही, कंचन शर्मा, रामू वर्मा, गणेश यादव, सज्जन लाल गुप्ता, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार जायसवाल, उदयभान गुप्ता, विशम्भर तिवारी, राजकुमार चौधरी, संतोष कुमार दुबे, शोएब अहमद पिंकी, विशाल गुप्ता, अन्नू पाण्डेय, राममणि पाण्डेय, पुष्पा यादव, सुषमा त्रिपाठी, पिंकू चौधरी, अरविंद तिवारी, गौरेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र गुप्ता, राहुल चौरसिया आदि मौजूद रहे।