केंद्रीय टीम के सर्वेयर ने जाना स्वच्छता का हाल
विद्यालय में प्रधानाध्यापक तथा गांव में प्रधान से लिया फीडबैक
अमर उजाला ब्यूरो
टिनिच। स्वच्छता मिशन की जांच के लिए सोमवार को केंद्रीय टीम के सर्वेयर सुरेंद्र कुमार सल्टौआ ब्लॉक के विभिन्न गांवों में गए। यहां उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में बीडीओ मंजू त्रिवेदी की मौजूदगी में हालात का जायजा लिया। प्रधानाध्यापक पतिराम से फीडबैक लिया।
स्कूल में वाशबेसिन व वाटर टैंक न होने का कारण पूछा। कक्षा में पहुंच कर छात्रा मुस्कान, रज्जू, सोनी सिंह, फूलचंद्र व गौरव से घर में शौचालय की जानकारी ली। इसके बाद वह प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों की संख्या व आंगनबाड़ी केंद्र के बारे में पूछताछ की। प्रधान के प्रतिनिधि उमेश सिंह ने गांव में आंगनबाड़ी केंद्र न होने की बात कही। केंद्रीय टीम के सदस्य ने वहां स्थित हैंडपंप के गड्ढे पर ढक्कन न होने का कारण पूछा। पूर्व प्रधान गोपाल सिंह ने गांव में सफाईकर्मी न आने, पात्रों को शौचालय न देने सहित तमाम शिकायत की। इस मौके पर ग्राम सचिव एडीओ पंचायत नवनीत मिश्र, सचिव राम बहादुर चौधरी, अखिलेश सिह, एडीओएसबी ग्रामीण तूफान सिंह, अमरजीत सिंह, विंध्याचल सिंह, संत कुमार सिंह, रमेश्वर सिंह, दिलेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।