सड़क निर्माण के विरोध में सड़क पर ग्रामीण
विक्रमजोत टूटी भीटी मार्ग पर धरना दे ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
नियमानुसार निर्माण न होने पर एसडीएम कार्यालय घेरने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। क्षेत्र के रानीपुर छत्तर गांव में विधायक निधि से निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता व नियमों की अनदेखी के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर गए। विक्रमजोत टूटीभीटी मार्ग पर मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक ओर जहां जिले की तमाम सड़कें गड्ढामुक्ति का इंतजार कर रहीं हैं वहीं प्रस्तावित सड़क पर निर्माण न कर पिच पर इंटरलाकिंग व सीसी रोड पर पिच सड़क का निर्माण करा कर जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग उठाई कि जिस रोड का सर्वे हुआ है वहां सड़क निर्माण हो अन्यथा की दशा में शुक्रवार को एसडीएम हर्रैया कार्यालय का घेराव होगा। धरने की सूचना पर लोकदल कार्यकर्ता चंद्रमणि पांडेय भी वहां पहुंचे। इस मौके पर अजित प्रताप सिंह, इन्द्रजीत सिंह, संजय सिंह, विनोद, मनोज पांडेय, आशुतोष पांडेय रामनिरंजन वर्मा, बृजेश यादव, अभिषेक शर्मा आदि मौजूद रहे।