अब अबला नहीं अपराजिता बन रही नारी
नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान में बालिकाओं को सहेजा
जीजीआईसी में एएसपी ने विस्तार से रखी बात
अपराजिता अभियान का पुलिस के आयोजन में बोलबाला
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एक माह चलने वाले पुलिस के नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेटी बचाओ का संकल्प लेते हुए छात्राओं को समाज में बेटी के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अमर उजाला के अपराजिता अभियान का बार-बार जिक्र किया। सबका कहना था कि यह पहल मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक पंकज ने संबोधन में कहा कि नारी अब अबला नहीं रही। अब वह इतनी सबला है कि सुनीता विलियम्स ही नहीं अपराजिता बन चुकी है। मातृशक्ति जागरूक होगी तो ही देश आगे बढ़ेगा। नारी ने अगर ठान लिया तो समाज को प्रदेश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इस अभियान की मॉनीटरिंग सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं कर रहे हैं। जागरूकता हेल्पलाइन नम्बर 8733087330 जारी की गई है।
इससे पहले जीजीआईसी की प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने बालिकाओं को अनुशासन, कर्तव्य, दायित्व और जिम्मेदारी के बारे में सहेजा। सीओ सदर आलोक सिंह ने ग्रामीण परिदृश्य में माता-पिता की दुविधा और बाधाओं का जिक्र करते हुए बेहद प्रभावी तरीके से सशक्तीकरण अभियान के बारे में विस्तार से बताया। संचालन करते हुए कोतवाल एमपी चौबे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों को उनकी सहायता के लिए जारी मोबाइल नंबरों के बारे में पूछा। 20 दिसंबर तक चलाए जाने वाले इस कार्यक्रम का नारी स्वावलंबन सम्मेलन के साथ समापन किया जाएगा। एंटी रोमियो प्रभारी दीपिका पांडेय, गांधीनगर चौकी इंचार्ज मीरा चौहान के अलावा अन्य शिक्षक अभिभावक एवं छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। गांवों में चलाए जाएंगे अभियान
नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान के तहत गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान में शिक्षा, स्वरोजगार, स्वास्थ्य व पोषण, स्वच्छता तथा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों का समावेश होगा। अभियान के तहत महिला अधिकारियों तथा कर्मचारियों की टीम गांव-गांव जाकर महिलाओं को प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देगी।