रूधौली। थाना क्षेत्र के भुसुड़ी उर्फ हनुमानगंज निवासी चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए पति समेत ससुराली उसे मारते पीटते हैं।
उक्त थाना क्षेत्र के मूड़ाडीहा भोपालपुर निवासी सिकंदर की पुत्री सना खातून की शादी भुसुड़ी उर्फ हनुमानगंज निवासी अहमद हुसैन से 2014 में हुई थी। विवाहिता सना ने तहरीर में कहा है कि दिव्यांग पिता ने शादी में यथाशक्ति भरपूर दहेज दिया। शादी के कुछ दिन बाद पति विदेश चले गए। इसके बाद ससुरालियों ने एक लाख रुपये व बाइक की मांग करते हुए दबाव बनाना शुरू किया। थोड़े दिनों बाद जब पति लौटे तो वह धर्म प्रचारक बन गए। पति के आने की जानकारी होते ही मैं ससुराल पहुंची, मगर वहां से ससुरलियों ने भगा दिया। पुलिस ने इस मामले में पति अहमद हुसैन, ससुर जैनुल्लाह, सास अलीमुनिशा, ननद सायबा खातून के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के अलावा विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।