शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जिले के सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान नवागत डीएम सुशील कुमार मौर्या और एसपी संकल्प शर्मा ने वाल्टरगंज थाने में फरियादियों को सुना। थानेदार को आवश्यक निर्देश दिए। जिले के विभिन्न थानों में पंजीकृत हुए 42 मामलों में से 14 का निस्तारण किया गया जबकि तीस मामलों में टीम गठित कर तारीख दे दी गई।
कोतवाली में कुल आठ मामलों का पंजीकरण हुआ था, जिसमें से छह राजस्व संबंधी मामलों को नायब तहसीलदार, सीओ सदर पवन गौतम और प्रभारी कोतवाली बृजेंद्र सिंह ने सुलह-समझौतों के आधार पर निपटा दिया। पुरानी बस्ती में कुल आठ मामलों का पंजीकरण हुआ। यहां डीएम मौर्या व संकल्प शर्मा ने फरियादियों की सुनी और थानाध्यक्ष सर्वेश राय को टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पंजीकृत कुल मामलों में से चार मामले मौके पर ही निस्तारित किए गए। साऊंघाट प्रतिनिधि के अनुसार वाल्टरगंज में दस मामलों का पंजीकरण हुआ, जिसमें एक भी मामला नहीं निपट सका। यहां नौ मामले राजस्व विभाग से संबंधित पंजीकृत कराए गए थे, जबकि एक मामला पुलिस विभाग से संबंधी था। यहां डीएम और एसपी ने समस्याओं पर कार्रवाई का निर्देश थानेदार एमपी चतुर्वेदी को दिया। हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल नौ मामले पंजीकृत हुए, जिसमें से तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। यहां एडीएम भगवान शरण व एएसपी एनके सिंह दोपहर बाद पहुंचे और करीब पौन घंटे फरियादियों की सुनीं। पूर्व के प्रार्थना पत्रों का हाल भी दोनों अधिकारियों ने थानाध्यक्ष कपिलमुनि सिंह से जाना। दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल पांच प्रार्थना पत्र आये सभी राजस्व से संबंधित थे। तय हुआ कि पुलिस और राजस्व विभाग की टीम जाकर जांच-पड़ताल के बाद निर्णय लेगी। यहां सात पुराने मामलों को निपटाया गया। सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को थाना परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल तीन राजस्व संबंधी मामलों का पंजीकरण हुआ। डीएम और एसपी ने यहां पंजीकृत मामलों में से एक का निस्तारण कर दिया जबकि दो मामलों को संबंधित लेखपाल को दे दिया गया है। यहां पहुंचे डीएम और एसपी ने फरियादियों की सुनने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश थानाध्यक्ष श्रीनाथ यादव को दिए। इस मौके पर एसडीएम अमनदीप डुली, तहसीलदार जसीम अहमद आदि मौजूद रहे।