बस्ती। बारिश के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए एक जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा। इसके तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से सफाई, जागरूकता और रोगियों की पहचान की जाएगी कुल, 14 विभाग मैदान में उतरेंगे।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि अभियान के दौरान बुखार से पीड़ित मरीजों की पहचान की जाएगी। इसके अलावा टीबी, दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों के संभावित मरीजों को चिह्नित कर उनकी जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा पंचायतीराज, कृषि, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क, दिव्यांगजन, उद्यान विभाग, नगर निकाय समेत 14 विभागों को जिम्मेदारी दी गई है।
सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सहयोग करेंगे। अभियान के साथ ही दस्तक अभियान और स्टॉप डायरिया अभियान भी चलाया जाएगा। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्वच्छता की जानकारी देंगी तथा डायरिया से बचाव के लिए ओआरएस और जिंक के पैकेट वितरित करेंगी।
बताया कि अभियान के दौरान पात्र लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी भी बनाई जाएगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल सके। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और बुखार या अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। वहीं, अभियान को लेकर ब्लॉकवार अधिकारी नामित किए गए हैं। कुदरहा व बहादुरपुर डॉ. एके गुप्ता, विक्रमजोत व परशुरामपुर डॉ. एसबी सिंह, रुधौली व भानपुर डॉ. एके चौधरी, सल्टौवा व गौर डॉ. एके सिंह, दुबौलिया डॉ. सियाराम यादव, कप्तानगंज व हर्रैया डॉ. अहमद फरदीन, सांऊघाट व मरवटिया में आर्येंद्र कुमार दूबे, बनकटी व अर्बन क्षेत्र दुर्गेश मल्ल नोडल अधिकारी नामित हुए हैं।