बस्ती। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष के चयन के लिए मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर दिन भर गहमा गहमी बनी रही। जिलाध्यक्ष के लिए 14 दावेदारों ने नामांकन किया तो स्थानीय नेताओं व निर्वाचन अधिकारी सकते में आ गए। बाद में किसी एक नाम पर सहमति न बनने के चलते सभी का नाम प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया गया।
भाजपा कार्यालय पर नये जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी हनुमान मिश्र और सहायक निर्वाचन अधिकारी दुर्गा राय की देख रेख में शुरू हुई। पूर्वाह्न 11 बजे सांसद हरीश द्विवेदी की उपस्थिति में दावेदारों ने नामांकन पत्र भरा।
इसमें राजेश द्विवेदी, अवधेश सिंह, दिवाकर मिश्र, तपानाथ पाण्डेय, विनोद शुक्ल, अश्विनी उपाध्याय, चतुर्गुन राजभर, महेश शुक्ल, आशा सिंह, जिला उपाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, पवन कसौधन, विष्णु शुक्ल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष व भाजपा के पूर्व जिला मंत्री राकेश श्रीवास्तव, अशोक मिश्र शामिल रहे।
मीडिया प्रभारी अमृत कुमार वर्मा ने बताया कि किसी के नाम पर आम सहमति न बन पाने के चलते निर्णय के लिए प्रदेश नेतृत्व को भेज दिया गया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र, प्रेमसागर तिवारी, यशकान्त सिंह, दयाराम चौधरी, सुशील सिंह, उदयभान, अजय सिंह गौतम, सरोज सिंह के साथ ही मण्डल अध्यक्ष, जिला प्रतिनिधि सदस्य के साथ ही अन्य लोग उपस्थित रहे।