लोकसभा चुनाव-2019
26 उम्मीदवार, 54 सेट बिके पर्चे
आज तीन बजे समाप्त होगी नामांकन की प्रक्रिया
भाजपा, कांग्रेस, बसपा समेत कई अन्य भी मैदान में
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा सीट के लिए सोमवार को हुए आठ नामांकन मिलाकर अब तक 11 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में ताल ठोकी है। भाजपा, कांग्रेस के अलावा बसपा, भासपा समेत विभिन्न छोटे दलों के अधिकृत उम्मीदवार किस्मत आजमाने के लिए आगे आए हैं। अब तक कुल 54 सेटों में नामांकन के लिए पर्चे बिक चुके हैं। मंगलवार को अपराह्न तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसमें कुछ और उम्मीदवारों के नामांकन करने की उम्मीद है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉ राजशेखर ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से नामांकन प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंची है, उससे प्रशासनिक टीम उत्साहित है। हालांकि, उम्मीदवारों की फेहरिश्त लंबी होने से मतदान कर्मियों को सांसत उठानी पड़ेगी। सोमवार को अजय मोहन गांधी ने निर्दल उम्मीदवार के रूप में पर्चा क्रय किया। जबकि आल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक के लायक अली एवं सर्वोदय भारत पार्टी के शीतला प्रसाद ओझा ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा शोषित समाज पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में दो नामांकन पत्र बिके। पहले राम निहोर और बाद में राम ज्ञान चौधरी ने भी पर्चा लिया।