महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के बिजरा गांव के निकट वाहन की ठोकर से भारतीय किसान यूनियन का कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज लाई। जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
कप्तानगंज थाने के गड़हा ओझा गांव निवासी ध्रुवचंद्र ओझा (55) का पट्टीदारों से विवाद चल रहा हैं। गुरुवार को मुकदमे में फैसला होना था। मुकदमा की पैरवी के लिए वह घर से सुबह साइकिल से निकले थे। अभी वह बिजरा के पास पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। सड़क पर गंभीर हाल में पड़े होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज में भर्ती कराया। जहां गंभीर हाल देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने के पहले रास्ते में ही ध्रुवचंद ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं दूसरी ओर परिवार वालों का कहना हैं कि गुरुवार को मुकदमे में फैसला आना था। विपक्षी ने साजिश करके एक्सीडेंट कराया होगा। ऐसे में पुलिस मामले की जांच करें। प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह का कहना हैं अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो मामले की जांच की जाएगी।