बस्ती। जिले के कप्तानगंज, दुबौलिया और बहादुरपुर ब्लॉकों में चौथे चरण के मतदान के लिए नामांकन के अंतिम दिन शनिवार को सात जिला पंचायत सदस्य सीटों के लिए कुल 52 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
कुल 131 उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर चुके हैं। 14 और 15 अक्टूबर को पर्चों की जांच होगी। 16 अक्टूबर को उम्मीदवार पर्चा वापस ले सकते हैं। इसी दिन प्रतीक चिह्न का वितरण होगा।
29 अक्टूबर को होने वाले मतदान में कप्तानगंज और दुबौलिया के दो-दो और बहादुरपुर ब्लॉक के तीन सहित कुल सात जिला पंचायत सदस्य सीटों के लिए चुनाव होना है। इसके लिए दो दिन तक नामांकन की प्रक्रिया चली।
एडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नामांकन के दूसरे और अंतिम दिन कुल 52 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। इनमें समाजवादी पार्टी समर्थित कपिलदेव सिंह मम्मू ने बहादुरपुर द्वितीय से जिला पंचायत प्रत्याशी के रूप में अपने समर्थकों के साथ नामांकन किया।
इसके अलावा विभिन्न पार्टियों के समर्थित सहित निर्दलीय उम्मीदवार शामिल रहे। इस प्रकार अब कुल 131 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। प्रत्याशियों की वास्तविक स्थित पर्चा वापसी यानी 16 अक्टूबर को स्पष्ट होगी।