बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र में फेसबुक मैसेंजर की मदद से एक लाख 30 हजार रुपये के धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थानाक्षेत्र के कराह पीठिया निवासी शकुंतला देवी पत्नी प्रेम प्रकाश ने थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, शकुंतला देवी का बेटा मुंबई में रहता है। जबकि उनके गांव का रहने वाला आलम विदेश में रहता है। आरोप है कि जालसाज ने आलम का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया और फिर उनके बेटे से संपर्क साधा। खुद को मुसीबत में होने की जानकारी दी कि वह विदेश में फंस गया है। यहां से बाहर निकलने के लिए उसे 1.30 लाख रुपये की जरूरत है, बाद में वापस कर देगा।
गांव के शख्स को मुसीबत में फंसा देख युवक ने अपने मां के बैंक खाते से 1.30 लाख रुपये फेसबुक पर बताए गए अकाउंट नंबर में ट्रांसफर कर दिया। बाद में जब आलम से संपर्क हुआ तो धोखाधड़ी की जानकारी हो सकी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात जालसाज पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।