125 ड्राइवर-कंडक्टर पर हो सकती है कार्रवाई
बस्ती। बस्ती डिपो में तैनात 72 संविदा चालक और 43 संविदा परिचालकों पर कभी भी कार्रवाई की जा सकती है। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी की सूचना पर सभी चालकों-परिचालकों की सूची एआरएम ने तलब की है और उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। स्पष्टीकरण की जांच की जाएगी और उसके संतोषजनक न मिलने के बाद उनकी प्रतिभूति जब्त कर संविदा निरस्त कर दी जाएगी। इससे पूरे विभाग में खलबली मची है।
बस्ती डिपो में तैनात 72 संविदा चालक और 43 संविदा परिचालक ऐसे हैं, जो लंबे समय से अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नहीं हैं। इनमें नौ संविदा परिचालक मेडिकल की सूचना देकर कई महीनों से ड्यूटी पर नहीं हैं। बाकी बिना कोई सूचना दिए ही लंबे समय से नदारद हैं। इससे परिवहन निगम का घाटा तो ही ही रहा है, साथ में ही डिपो की राजस्व आय भी बेहद कम हो चुकी है।
इसमें कुछ ऐसे संविदा चालक-परिचालक भी हैं, जो तकरीबन छह से दस माह तक बगैर सूचना के अपनी ड्यूटी ये अनुपस्थित हैं। इनकी लापरवाही पर गंभीरता दिखाते हुए डिपो प्रशासन ने सभी परिचालकों को नोटिस जारी किया है।
एआरएम आरपी सिंह ने कहा कि इस बारे में डिपो में लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे सभी 125 ड्राइवर-कंडक्टर को नोटिस जारी कर प्रशासनिक कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। जो नहीं हाजिर होंगे, अथवा संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देंगे, उनकी प्रतिभूति जब्त कर संविदा निरस्त कर दी जाएगी।