खेतों में डंठल न जलाने के लिए किया प्रेरित
पेंटिंग में उकेरी डंठल जलाने से होने वाली क्षति
तीन विद्यालयों के 49 बच्चे प्रतियोगिता में शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर/रुधौली। खेतों में फसलों के अवशेष नहीं जलाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। किसान इंटर कॉलेज भानपुर में आयोजित प्रतियोगिता में तीन विद्यालयों के 49 बच्चो ने हिस्सा लिया। उधर, रुधौली के दिलेश्वरी इंटर कॉलेज में कृषि विभाग की ओर से फसलों के अवशेष नहीं जलाने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। चार विद्यालयों के 53 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
यह प्रतियोगिता एसडीएम भानपुर राजेश सिंह व एआर कोऑपरेटिव आशीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में किसान इंटर कॉलेज में हुई। प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फार इन सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्राप रेजीड्यू योजना के तहत जागरूक किया गया। सोमवार को आयोजित प्रतियोगिता में आदर्श इंटर कॉलेज सल्टौवा, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिरिया ऋृतुराज व किसान इंटर कॉलेज के कुल 49 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बच्चो ने अलग-अलग चित्रों के माध्यम से फसलों के अवशेष न जलाने वाले संदेश उकेरे। विभाग के मुताबिक प्रतियोगिता का परिणाम जिले से घोषित किया जाएगा। तथा विजेता प्रतिभागियों को डीएम की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए विजेता प्रतिभागी को अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक व विद्यालय से निर्गत वैध पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। इस मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. अनिल राय, अवधेश सिंह, संतोष धर द्विवेदी, रविंद कुमार सिंह, गणेश पाण्डेय, गीता देवी के साथ करुणाशंकर तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।
रुधौली में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में रामेंद्र विक्रम इंटर कॉलेज, किसान सर्वोदय इंटर कॉलेज, महेश प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज और दिलेश्वरी इंटर कॉलेज के कुल 53 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। परिणाम की घोषणा मंगलवार को रुधौली तहसील सभागार में की जाएगी। प्रथम स्थान पर 10 हजार, द्वितीय पर साढे़ सात हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को पांच हजार नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। कृषि विभाग की ओर से कामेश्वर मणि, वीरेंद्र चौधरी, पवन मिश्रा विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित रहे।