निस्तारण में विलंब पर भड़के डीआईजी
बस्ती।
शासन के निर्देश पर आयोजित समाधान दिवस का एक और कार्यक्रम शनिवार को निपट गया। आला अफसरों की निगहबानी में आयोजित कार्यक्रम में अधिकतर मामलों को निपटाया गया। कई पुराने मामले फिर भी लंबित रहे।
वाल्टरगंज में प्रशासन और पुलिस महकमे के आला अधिकारियों की देखरेख में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां मामले तो मात्र दो ही पंजीकृत हुए, मगर इनका भी निस्तारण लंबित रह गया। वाल्टरगंज में 2016 के एक लंबित मामले को रजिस्टर में दर्ज देखकर डीआईजी राकेश चंद्र साहू, थानाध्यक्ष संजय शुक्ल से नाराजगी जताई। समाधान दिवस पर कोतवाली में कुल चार मामलों का पंजीकरण हुआ। इसमें तीन का निस्तारण मौके पर कर दिया गया जबकि एक मामले में राजस्व टीम को पैमाइश की जिम्मेदारी दी गई है। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता कोतवाल बृजेेंद्र सिंह ने की। इसी प्रकार पुरानी बस्ती में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने की। यहां कुल पांच मामलों का पंजीकरण हुआ, जिसमें से तीन मामले निस्तारित कर दिए गए, जबकि दो मामले में तारीख दे दी गई।
वाल्टरगंज प्रतिनिधि के अनुसार थाने पर दो मामलों का पंजीकरण हुआ, मगर किसी का निस्तारण नहीं हो सका। समाधान दिवस कार्यक्रम में अचानक आयुक्त दिनेश कुमार सिंह, डीआईजी राकेश चंद्र साहू, डीएम अरविंद कुमार सिंह और एसपी संकल्प शर्मा पहुंचे। डीआईजी ने महुआ खजूरी के लंबित मामले में थानेदार को निपटाने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने समाधान दिवस में आने वाले मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए।
परशुरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार समाधान दिवस पर एसडीएम हर्रैया दिनेश कुमार और क्षेत्राधिकारी अपराध शाखा गौरव त्रिपाठी की अध्यक्षता में कुल दस मामलों का पंजीकरण हुआ। इसमें से छह मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि चार मामलों के लिए टीम गठित कर दी गई है।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल सात प्रार्थना पत्र आए, जिनमें चार राजस्व और तीन प्रार्थना पत्र पुलिस से संबंधित थे। सभी मामलों में राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई।
कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व से संबंधित पांच मामले आए। तीन का निस्तारण मौके पर थानाध्यक्ष, राजस्व निरीक्षक राघवराम यादव और राकेश कुमार तिवारी ने बातचीत के जरिये करा दिया। शेष दो मामलों में पुलिस तथा लेखपाल की संयुक्त टीम गठित कर दी गई।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार यहां कुल आठ मामले पंजीकृत हुए, जिसमें सभी राजस्व से संबंधित थे। इसमें से दो का निस्तारण कर दिया गया। यहां आयुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और जनता की समस्याएं सुनीं। डीआईजी ने प्रभारी निरीक्षक श्रीनाथ यादव की कार्य संस्कृति पर उनकी पीठ थपथपाई। रुधौली प्रतिनिधि के अनुसार थाने पर कुल दस मामले पंजीकृत हुए। इसमें से दो मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। यहां समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार रमेश कुमार ने की। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक कृष्ण देव सिंह सहित क्षेत्रीय लेखपाल भी मौजूद रहे।