बस्ती। पूर्वांचल बैंक कर्मियों की हड़ताल के कारण कई बैंक की शाखाओं में शुक्रवार को ताले नहीं खुले। इस दौरान कई खाताधारक परेशान रहे। यह हड़ताल आल इंडिया रूरल बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर किया गया था।
पूर्वांचल के 11 जिलों में बैंक की 571 शाखाएं हैं। वाणिज्यिक बैंकों के समान ही सुविधाएं, समान पेंशन, पदोन्नति, भर्ती नियमावली में संशोधन, अंशकालिक संदेहवाहकों का नियमितीकरण आदि मुद्दों को लेकर कार्य बहिष्कार किया गया। इस दौरान जोगिंदर सिंह, मनीष पांडेय, राजेश सिंह, अजय कुमार शर्मा, विक्रम श्रीवास्तव, केके श्रीवास्तव, रिजवानुल्लाह, जेएन त्रिपाठी, विनोद मिश्र, गवीश चंद चौरसिया, ओपी सिंह, एसके दुबे आदि लोग मौजूद रहे।
गौर, बभनान, विक्रमजोत, समेत कई शाखाओं पर ताला लटका रहा। गायघाट प्रतिनिधि के मुुताबिक धान रोपाई के लिए रकम लेने आए सिकंदरपुर के राम दुलार ने बताया कि रकम नहीं निकलने से बड़ी समस्या हो गई है। चिलवानिया के मयाराम ने कहा कि बैंक के अधिकारियों ने बताया कि कैशियर साहब हड़ताल पर गए हैं। डीजल एवं डीएपी खाद खरीदने के लिए 11 बजे से कैशियर का इंतजार कर रहे हैं। गोसाइसी पुर की रामवती ने बताया कि तबीयत खराब है। पास में दवा कराने के लिए रुपये नहीं हैं। मजबूरन वापस घर लौटना पड़ा रहा है। हड़ताल करना हो तो कम से कम एक दो दिन पूर्व सूचना देनी चाहिए। पूर्वांचल बैंक के शाखा प्रबंधक ओ पी गुप्ता ने बताया कि कैशियर आलोक और रामचेत द्वारा एक दिन के हड़ताल पर चले जाने से कैश न खुलने से बैंक में पूरे दिन लेन देन नहीं हो सका।