मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल के निर्देश पर विभाग ने निर्माण की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। आरईडी के एक्सईएन अंकुर वर्मा ने बताया कि राज्यांश मद से छोटे संपर्क मार्गों के निर्माण का कार्य स्वीकृत हुआ है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही पक्की और सीसी सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जिले के ग्रामीण इलाकों में वर्षों से बदहाल संपर्क मार्गों की तस्वीर अब बदलने की तैयारी है। पूर्वांचल विकास निधि के राज्यांश मद से 12 संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8.28 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने निर्माण प्रक्रिया तेज कर दी है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) ने सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, कई के टेंडर फाइनल भी हो गए हैं। इससे जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
मार्च के अंतिम सप्ताह में शासन ने जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर इन संपर्क मार्गों के निर्माण को स्वीकृति दी थी। स्वीकृति मिलने के बाद कार्यदायी संस्था के रूप में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल के निर्देश पर विभाग ने निर्माण की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। आरईडी के एक्सईएन अंकुर वर्मा ने बताया कि राज्यांश मद से छोटे संपर्क मार्गों के निर्माण का कार्य स्वीकृत हुआ है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही पक्की और सीसी सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, बस्ती सदर में तीन, दुबौलिया में एक, गौर में चार, बहादुरपुर में एक, हर्रैया में एक और सल्टौआ में एक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसकी लंबाई करीब 11 किमी. है। बताया गया कि इसमें उच्चीकरण, लेपन, नवनिर्माण, सीसी और तारकोलयुक्त सड़क शामिल है।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी
प्रस्तावित संपर्क मार्गों में कई ऐसे गांव शामिल हैं जहां अब तक कच्चे रास्तों के सहारे आवागमन होता है। सड़क निर्माण के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की बाजार, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। प्रशासन का दावा है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। 12 सड़कों के बन जाने से करीब 50 से अधिक गांव की 30 हजार से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
ग्रामीण बोले-
इस कच्ची सड़क से क्षेत्र के लोग आवागमन करते हैं। अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क है। यह मार्ग ग्राम सभा बेलड़ी एवं रानीपुर को सीधे नेशनल हाईवे गोरखपुर-अयोध्या से जोड़ता है। सड़क कच्ची होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। पक्की सड़क होने से आवागमन दुरुस्त होगा: सुधीर पटेल, रिठिया, बस्ती
सड़क के निर्माण से ग्राम सभा बेलड़ी, रानीपुर, रिठिया, दुबखरा सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे आवागमन सुगम होगा, समय की बचत होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बच्चों को स्कूल आने-जाने और अन्य राहगीरों को आसानी होगी। इस पर वाहन भी फर्राटा भर सकेंगे: बृजेश सिंह, बेलड़ी, बस्ती
इन सड़कों की सुधरेगी दशा
- रिठिया शिव मंदिर से रानीपुर साधूसरन के खेत तक पिच सड़क निर्माण 1.140 किमी : लागत 95.78 लाख। - देईपार भिरिया मार्ग पर स्थित रेहरवा चौराहे से सूरतगढ मार्ग के अवशेष भाग पर सीसी रोड निर्माण 0.610 किमी : लागत 60.66 लाख।
- विकास खंड दुबौलिया में पंडूलघाट से पकरी चौहान तक शून्य से लेपन कार्य, 2.500 किमी : लागत 1.36 करोड़। - अंबेडकर पार्क के पास अंकित श्रीवास्तव के मकान के सामने से मड़वानगर काॅलोनी से चौराहा तक संपर्क मार्ग सीसी रोड का निर्माण 0.740 किमी : लागत 69.59 लाख।
- सदर के महसो चाई टोला से सूसीपार शमशान घाट तक नवनिर्माण/उच्चीकरण कार्य 1.360 किमी : लागत 1.30 करोड़। - बहादुरपुर ग्राम जिगिनिया मैनुद्दीन के घर से भैरोपुर तक पिच रोड तक नवनिर्माण कार्य 0.925 किमी : लागत 72.06 लाख।
- ग्रामसभा करनपुर में राजमणि शुक्ला के चक से केवट बस्ती होते हुए रविंद्रनाथ के घर के पीछे तक नवनिर्माण कार्य 1.000 किमी : लागत 72.55 लाख। - ग्रामसभा बरदिया कुंवर में नागेंद्र सिंह के घर से बब्बू सिंह के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य 0.400 किमी : लागत 34.11 लाख।
- ग्राम सभा सांडपुर में खनन सिंह के घर से हनुमान मंदिर होते हुए अनुसूचित बस्ती तक पिच व सीसी रोड निर्माण 1.350 किमी : 95.50 लाख। - बभनान-सोनहा संपर्क मार्ग पर चमरहियापुरवा के बाबूराम के घर से बंगलवापुरवा के रामधीरज के घर तक पिच रोड 0.420 किमी : लागत 25.47 लाख।
- गौर में बेलवरिया जंगल ग्रामसभा में कांटा बगिया से रामजी सोनी के मकान तक सीसी मार्ग का निर्माण 0.210 किमी : लागत 24.71 लाख। - बेलवरिया जंगल ग्रामसभा में बंगलवा पुरवा के पेट्रोल पंप सरदहा हरनरायन मार्ग तक सीसी मार्ग का निर्माण 0.120 किमी : 10.86 लाख।
कई सड़कों का टेंडर पूर्ण हो चुका है। जल्द ही वर्कआर्डर जारी कर दिया जाएगा। वहीं, कुछ के टेंडर प्रक्रिया में हैं। जल्द ही फाइनल हो जाएगा। इसके बाद सभी पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रहेगा: अंकुर वर्मा, एक्सईएन, आरईडी, बस्ती।