स्टेडियम में ट्रायल के दौरान बास्केटबॉल के खिलाड़ी स्रोत विभाग
बस्ती। आजमगढ़ में 11 से 14 सितंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बस्ती मंडल की टीम प्रतिभाग करेगी। टीम के गठन के लिए शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में मंडलीय चयन-ट्रायल कराया गया। इसमें 20 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 12 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय टीम के लिए किया गया, जबकि एक खिलाड़ी को रिजर्व रखा गया है।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि चयन-ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ियों में आदर्श शर्मा, मोहित गौड़, गुड्डू, आदित्य, निकेश, शशांक यादव, आदित्य यादव, अर्जित शुक्ला, आदर्श यादव, आयुष शुक्ला, आशीष यादव और आयुष यादव शामिल हैं। शौर्य प्रताप सिंह को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है।
प्रतियोगिता के लिए टीम के खिलाड़ियों ने अभ्यास के दौरान जमकर पसीना बहाया। टीम मैनेजर की जिम्मेदारी कोच सुरेंद्र कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए आधार कार्ड और बैंक पासबुक साथ लाना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों ने मंडलीय टीम से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।