बस्ती। खेल निदेशालय की ओर से वर्ष 2026-27 की सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए राज्यस्तरीय बास्केटबॉल टीम के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय चयन-ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 14 खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से 12 खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय टीम के लिए किया गया है।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि सरकारी विभागों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सिविल सर्विसेज खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का चयन पहले जिला और मंडल स्तर पर किया जाता है। इसके बाद राज्यस्तरीय चयन-ट्रायल के माध्यम से टीम का गठन होता है। राज्यस्तरीय सिविल सर्विसेज बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए बस्ती को चयन-ट्रायल की मेजबानी मिली थी। इसी क्रम में शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिन ट्रायल आयोजित किया गया।
इसमें आगरा, अलीगढ़, वाराणसी, मऊ समेत प्रदेश के कई जिलों से 14 खिलाड़ी पहुंचे। खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाने के लिए मैदान पर अपना दमखम दिखाया। चयन प्रक्रिया में सफल 12 खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय सिविल सर्विसेज बास्केटबॉल टीम में शामिल किया गया है। चयनित खिलाड़ियों की सूची शासन को भेज दी गई है। ये खिलाड़ी आगामी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयन प्रक्रिया के दौरान शासन की ओर से नामित प्रतिनिधि मुकुल मणि त्रिपाठी, जिला प्रशासन की ओर से सीडीओ सार्थक अग्रवाल और खेल विशेषज्ञ के रूप में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।