पथराव प्रकरण: आठ नामजद सहित 12 पर मुकदमा
वांछित की गिरफ्तारी करने पहुंची थी एसओजी
वाल्टरगंज (बस्ती)। पशु तस्करी के मुकदमे में वांछित वारंटियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आठ नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ एसओजी प्रभारी सर्वेश राय ने तहरीर दी है। इसमें समसुद्दीन, अकरम, असलम, छोटू, सबरे आलम, तस्लीम, तुफैल, परवीन निवासी मझौवा मीर के नाम शामिल हैं। इन पर आईपीसी व सार्वजिनक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुदकमा दर्ज किया गया है। अकरम और समसुद्दीन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। बाकी की तलाश है।
बुधवार देर शाम एसओजी प्रभारी सर्वेश राय हमराहियों के साथ थानाक्षेत्र के मझौआ मीर के पशु तस्करी के दो वांछित को गिरफ्तार करने पहुंचे। दोनों को उनके घर से पकड़कर वाहन में बैठाते ही अचानक वाहन पर किसी ने ईंट से हमला कर दिया। वाहन का शीशा टूट गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष मय फोर्स पहुंच गए। घटना की जानकारी जिले के उच्चाधिकारियों को हुई तो एसपी, एएसपी, सीओ सिटी, सहित कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। एसपी का कहना है कि गांव में फोर्स लगातार दबिश दी जा रही है।