सप्ताह में 12 करोड़ का भुगतान करेगी शुगर मिल
मुंडेरवा। कोरोना महामारी के बीच मुंडेरवा शुगर मिल के किसानों के लिए यह राहत भरी खबर है। ऐसा इस लिए क्यों कि गन्ना किसानों के 11.15 करोड़ रुपये बकाए के भुगतान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिसके तहत प्रत्येक सप्ताह किसानों को लगभग बारह करोड़ रुपये का भुगतान मुंडेरवा शुगर मिल द्वारा किया जाएगा।
शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक ने बताया कि 27 नवंबर 2019 से प्रारंभ होकर एक अप्रैल 2020 को समाप्त हुए प्रथम पेराई सत्र में शुगर मिल ने 44.18 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की। इस सत्र में 9.13 रिकवरी रहा है। कहा कि 21 दिसंबर तक गन्ने का भुगतान 14.93 करोड़ रुपया कर दिया गया है। बैंक द्वारा 100 करोड़ का सीसीएल हुआ है। बैंक प्रत्येक सप्ताह धनराशि देगी जिससे किसानों को भुगतान किया जाएगा। इसी क्रम में 11.15 करोड़ मिले हैं, जिससे किसानों के गन्ने का भुगतान किया जा रहा है। शुगर मिल जल्द ही सभी किसानों को भुगतान कर देगी।