बस्ती। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 12 विभाग मिलकर एक अक्तूबर से विशेष अभियान चलाएंगे। 31 अक्तूबर तक चलने वाले अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ 11 अन्य विभाग गांव से लेकर शहर तक साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और लोगों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और खराब हैंडपंपों को दुरुस्त कराने पर भी जोर रहेगा।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि अभियान के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और दिमागी बुखार समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। बुखार के मरीजों की पहचान कर उनकी समय से जांच और उपचार कराया जाएगा। इसमें जिले की 2300 आशा कार्यकर्ता और 369 एएनएम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
अभियान के दौरान स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायतीराज, नगर विकास, शिक्षा, कृषि, उद्यान, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और जल निगम समेत 11 विभाग अपने-अपने स्तर से गतिविधियां संचालित करेंगे। संबंधित विभागों को साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और जलभराव समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
समय से जांच और उपचार पर जोर
स्वास्थ्य विभाग का फोकस बुखार के मरीजों की समय से पहचान और जांच पर रहेगा। सीएमओ ने बताया कि बीमारी की जल्द पहचान और उपचार से संक्रमण के प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। लोगों से अपील की गई है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लें।
-
मच्छरों से बचाव के लिए बरतें सावधानी
घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
कूलर, टंकी और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलें।
घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा कूड़ा इधर-उधर न फेंकें।
पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का प्रयोग करें।
बुखार, सिरदर्द, उल्टी या अन्य लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराएं।
बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें।
कोट
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभाग भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बीमारी की समय से पहचान और उपचार के साथ लोगों को बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। लोगों से अपील है कि साफ-सफाई रखें और लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराएं।
-डॉ. राजीव निगम, सीएमओ