घाघरा नदी में डूबे बालकों को तलाशते गोताखोर।
- फोटो : अमर उजाला
छावनी (बस्ती)। कार्तिक पूर्णिमा पर क्षेत्र के विक्रमजोत-धुसवा बांध (वीडी) के पास सरयू नदी में स्नान करने गए दो किशोर पानी में डूब गए। पास के गांव पंडित पुरवा के रहने वाले दोनों शुक्रवार सुबह कुछ अन्य गांव वालों के साथ वीडी बांध के ठोकर नंबर 10 पर पहुंचे थे।
ठोकर 10 पर किशोरों के डूबने की सूचना पाते ही एसडीएम और सीओ हर्रैया मौके पर छावनी और हर्रैया थाने की पुलिस सहित पहुंचे। गोताखारों का अलग-अलग दल दिनभर पानी में उन्हें टटोलता रहा। वहां मौजूद प्रशासनिक तंत्र संसाधन के बिना असहाय नजर आया। डीएम डॉ. राजशेखर का कहना है कि प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहकर ढूंढने की हर संभव कोशिश कर रही है।
पंडित पुरवा निवासी बीए में पढ़ने वाले शिवम उपाध्याय (18) पुत्र राजकुमार उर्फ लल्लन और इंटरमीडिएट का छात्र जीतेंद्र चौहान (17) पुत्र रामकुमार चौहान एक अन्य साथी रामचंदर के साथ ठोकर नंबर 10 के पास गए। तीनों साथी नदी में कूदे मगर कुछ देर में शिवम और जीतेंद्र अधिक गहराई में जाने से डूबने लगे। यह देखकर तीसरे साथी रामचंदर को कुछ नहीं सूझा तो वह चिल्लाकर गुहार लगाने लगा। त्योहार के कारण आसपास नदी में नहा रहे लोग दौड़े, लेकिन दोनों किशोर नदी में डूब चुके थे। गांव में भी सूचना पहुंचते ही तमाम लोग पहुंच गए। इसी बांध के निकट छठ पूजा के दिन भी एक महिला डूब गई थी, जिसकी तीसरे दिन लाश मिली थी। उस इलाके में डूबने की घटना पर अयोध्या से गोताखोर बुलाए जाते थे। मगर अयोध्या की गहमागहमी के कारण गोताखोर नहीं मिले। हारकर दुबौलिया, नगर, सदर क्षेत्र के तैराकों को बुलाकर दोनों की तलाश की जा रही है।