बा की बेटियों को दिवाली का तोहफा
650 नई बेंच मिलेगी, बनेगा नया शौचालय ब्लॉक
डीएम ने की निरीक्षण आख्या के मुताबिक सुधार की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। बा की बेटियों को दीपावली से पहले ही त्योहार का तोहफा मिल जाएगा। जिले के सभी 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में दो-दो लाख की लागत से नया शौचालय ब्लॉक बनाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विद्यालय को 50-50 बेंच भी उपलब्ध कराए जाएंगे। शहरी क्षेत्र के स्कूलों (4 स्कूल) में इन शौचालयों का निर्माण स्वच्छ भारत मिशन (आईईसी) फंड से और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नौ स्कूलों पर 14वें वित्त आयोग के बजट से किया जाएगा। विद्यालय मद से सभी स्कूलों को नवंबर 2018 तक 50-50 नई अतिरिक्त बेंच उपलब्ध कराई जाएगी।
मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए डीएम डॉ. राजशेखर ने बताया। बकौल डीएम अगस्त में प्रशासन की तरफ से जिले के सभी 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराया गया। पाया गया कि विद्यालयों के सुचारु संचालन में कई खामियां हैं। उन सभी 13 के संबंध में नोटिस जारी किया गया था। उसी निर्देश के सापेक्ष सुधार की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी छोटे मरम्मत और रखरखाव कार्यों जैसे सफेदी, फर्श और छत मरम्मत, वायरिंग/विद्युत फिटिंग मरम्मत इत्यादि के कार्य विभागीय बजट से कराया जाएगा। इस दौरान सीडीओ अरविंद पांडेय, डीपीआरओ, बीएसए के अलावा केजीबी विद्यालय प्रभारी और प्रधानाचार्य मौजूद थे।